Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 मुंबई को मिला दूसरा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, पीएम नरेंद्र मोदी ने नवी मुंबई में किया उद्घाटन
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को 19,650 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन किया। इस हवाई अड्डे का निर्माण अडानी एयरपोर्ट्स लिमिटेड द्वारा (सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर किया गया है जिसमें 26 प्रतिशत हिस्सेदारी महाराष्ट्र नगर एवं औद्योगिक विकास निगम की है। पहले चरण के तहत टर्मिनल-1 का उद्घाटन किया गया है जबकि यहां चार टर्मिनल के निर्माण की योजना है।
मुंबई और उसके उपनगरीय इलाके में यह दूसरा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है। यहां जल्द ही उड़ानों का परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। इससे मुंबई हवाई अड्डे पर बोझ काफी कम होगा।
उद्घाटन के मौके महाराष्ट्र के महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे तथा अजित पवार, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू और राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद थे। 

इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2008 में 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान कांग्रेस सरकार ने कार्रवाई न कर कमजोरी का संदेश दिया था और आतंकियों के सामने घुटने टेके थे। उन्होंने कहा कि हमारी सेनाएं पाकिस्तान पर हमला करने के लिए तैयार थी, लेकिन सरकार ने विदेशी दबाव में ऐसा नहीं करने दिया। पीएम ने मनमोहन सरकार में गृह मंत्री रहे पी चिदंबरम का नाम लिए बिना उनके बयान का जिक्र किया। 30 सितंबर को चिदंबरम ने कहा, "26/11 के मुंबई आतंकी हमले के बाद उनके मन में भी बदला लेने का विचार आया था, लेकिन उस वक्त की कांग्रेस सरकार ने सैन्य कार्रवाई नहीं करने का फैसला लिया। 
पीएम ने 22 मिनट की स्पीच में ऑपरेशन सिंदूर, जीएसटी रिफॉर्म और विकसित भारत का जिक्र किया।   पीएम मोदी ने कहा कि साथियों मुंबई भारत की आर्थिक राजधानी के साथ सबसे वाइब्रेंट शहरों में से एक है। 2008 में आतंकियों ने भी मुंबई शहर को बड़े हमले के लिए चुना। तब की कांग्रेस सरकार ने कमजोरी का मैसेज दिया। आतंकियों के सामने घुटने टेके। हाल ही में कांग्रेस के बड़े नेता और जो देश के गृह मंत्री तक रह चुके हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में दावा किया कि मुंबई हमले के बाद हमारी सेनाएं पाकिस्तान पर हमला करने के लिए तैयार थीं। पूरा देश भी यही चाहता था, लेकिन उस नेता की माने तो किसी दूसरे देश के दबाव के कारण कांग्रेस सरकार ने भारत की सेनाओं को पाकिस्तान पर हमला करने से रोका।

गरीबों का सशक्तीकरण आज देश की प्राथमिकता है
पीएम मोदी ने कहा कि गरीब हो मिडिल क्लास हो इनका सशक्तीकरण आज देश की प्राथमिकता है। इन परिवारों को सुविधा-सम्मान देना उनका सामर्थ्य बढ़ाता है। जीएसटी रिफॉर्म से जो चीजे सस्ती हुईं उससे भी देश का सामर्थ्य बढ़ा है। मार्केट के आंकड़े बताते हैं, इस बार नवरात्रि में बिक्री के कई साल के रिकॉर्ड टूटे। मेरा आग्रह है कि गर्व से कहो हम स्वदेशी है, स्वदेशी को अपनाएं। हर घर-बाजार का यही मंत्र होना चाहिए।

आज मुंबई का लंबा इंतजार खत्म हुआ
पीएम मोदी ने कहा कि यहां दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट बना। ये एयरपोर्ट इस क्षेत्र को एशिया के सबसे बड़े कनेक्टिविटी हब के रूप में स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाएगा। आज मुंबई को पूरी तरह से अंडरग्राउंड मेट्रो मिली। इससे सफर आसान होगा। ये विकसित होते भारत का प्रतीक है। मुंबई जैसे शहर में जमीन के नीचे सभी इमारतों को सुरक्षित रखते हुए शानदार मेट्रो बनाई गई है। महाराष्ट्र के किसान यूरोप से जुड़ जाएंगे: नवी मुंबई एयरपोर्ट प्रोजेक्ट में विकसित भारत की झलक है। कमल के फूल जैसा आकार है। यानी संस्कृति का प्रतीक है। महाराष्ट्र के किसान यूरोप से जुड़ जाएंगे। जिससे उनकी उपज इंटरनेशनल मार्केट में पहुंचेगी। निवेश बढ़ेगा, नए उद्योग और कारखाने लगेंगे। जब सपने को सिद्ध करने का संकल्प और इच्छा शक्ति हो तो नतीजे भी मिलते हैं।

2030 तक भारत एमआरओ हब बनेगा
पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने 1000 से ज्यादा नई उड़ानों का ऑर्डर दिया है। इसके लिए मेंटेनेंस की सुविधा भी डेवलप होगी। 2030 तक भारत एमआरओ हब बनेगा। जिससे रोजगार मिलेगा युवाओं को। हम सबसे युवा देश हैं। हमारा फोकस युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार देने का है। सरकार इसी ओर गतिमान है। इन्फ्रास्ट्रक्चर पोर्ट, एयरपोर्ट पर निवेश से रोजगार बढ़ रहा है। हमारे संस्कार में राष्ट्रनीति ही राजनीति का आधार है। दूसरी तरफ ऐसी धारा है जो जनता नहीं, सत्ता की सुविधा को ऊपर रखते हैं। जनता के विकास पर बाधा डालते हैं। ये लोग घोटाले करते हैं।

1160 हेक्टेयर में हवाई अड्डे का निर्माण
हवाई अड्डे का निर्माण 1160 हेक्टेयर में किया जा रहा है। यह दक्षिणी मुंबई से 37 किलोमीटर दूर स्थित है। इसे कमल के आकार में डिजाइन किया गया है। फिलहाल एक ही टर्मिनल से अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू दोनों उड़ानें शुरू की जाएंगी, जिसकी सालाना क्षमता 2 करोड़ यात्रियों की है। चारों टर्मिनल बन जाने के बाद कुल क्षमता 9 करोड़ यात्रियों की होगी। साथ ही फिलहाल कार्गो क्षमता 5 लाख टन की होगी, जो बाद में बढ़कर 32 लाख टन हो जाएगी। यहां दो समानांतर रनवे होंगे, जिनकी लंबाई 3,700 मीटर और चौड़ाई 60 मीटर है। टर्मिनल-1 पर 66 चेक-इन काउंटर, 22 सेल्फ बैगेज ड्रॉप प्वाइंट, 29 एयरोब्रिज और 10 बस बोर्डिंग गेट हैं। पूरी तरह से तैयार होने के बाद हवाई अड्डे पर 245 यात्री विमानों और सात कार्गो विमानों के खड़े होने के लिए स्टैंड होंगे। इसके अलावा 79 जेनरल एविएशन स्टैंड और 16 जेनरल एविएशन हैंगर होंगे। एयर इंडिया समूह (एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस) ने शुरुआती चरण में नवी मुंबई एयरपोर्ट से 15 शहरों के लिए रोजाना 20 उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। उसने कहा है कि अगले साल के मध्य तक वह उड़ानों की संख्या 55 करेगी जिसमें पांच अंतर्राष्ट्रीय उड़ानें भी शामिल होंगी।

tranding
tranding
tranding