0 यह आंकड़ा पार करने वाली दुनिया की पहली कंपनी बनी
0 भारत की जीडीपी से 90 लाख करोड़ ज्यादा
0 कंपनी मोबाइल-ड्रोन्स, ऑटोमैटिक गाड़ियों की चिप बनाती है
सैनफ्रांसिस्को/सांता क्लारा। सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाली अमेरिकी कंपनी एनवीडिया का मार्केट कैप पहली बार 5 ट्रिलियन डॉलर यानी 453 लाख करोड़ रुपए के पार पहुंच गया है। एनवीडिया यह आंकड़ा पार करने वाली दुनिया की पहली कंपनी भी बन गई है।
यह आंकड़ा भारत की जीडीपी से करीब 90 लाख करोड़ रुपए ज्यादा है। आईएमएफ के मुताबिक, भारत की जीडीपी अभी 4.13 ट्रिलियन डॉलर यानी 364 लाख करोड़ रुपए है। एनवीडिया के बाद माइक्रोसॉफ्ट और एपल दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी हैं।माइक्रोसॉफ्ट दुनिया की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी है। इसका मार्केट कैप 4.03 ट्रिलियन डॉलर यानी 356 लाख करोड़ रुपए है। वहीं एपल 4.02 ट्रिलियन डॉलर यानी 355 लाख करोड़ रुपए की मार्केट वैल्यू के साथ तीसरे नंबर पर है। एक दिन पहले ही एपल ने 4 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया था।
एनवीडिया का शेयर आज 4.5% चढ़ा
आज 29 अक्टूबर को एनवीडिया का शेयर कारोबार के दौरान 4.5% की तेजी के साथ 210 डॉलर यानी 18,534 रुपए पर कारोबार कर रहा है। जिसके चलते कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर पहली बार 5.13 ट्रिलियन डॉलर के पार हो गया। तीन महीने पहले ही कंपनी ने 4 ट्रिलियन डॉलर का आंकड़ा पार किया था।
दुनिया की सबसे वैल्युएबल सेमीकंडक्टर फर्म
एनवीडिया पहले से ही दुनिया की सबसे वैल्युएबल सेमीकंडक्टर फर्म है। एनवीडिया के भारत में चार इंजीनियरिंग डेवलपमेंट सेंटर हैं। ये हैदराबाद, पुणे, गुरुग्राम और बेंगलुरु में स्थित हैं। एनवीडिया ने अपने एआई एक्सेलरेटर को अपग्रेड किया है।
जीपीयू को डिजाइन और मैन्युफैक्चर करती है कंपनी
एनवीडिया एक टेक्नोलॉजी कंपनी है, जो ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (जीपीयू) के डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग के लिए जानी जाती है। 1993 में जेन्सेन हुआंग, कर्टिस प्रीम और क्रिस मालाचोव्स्की ने इसकी स्थापना की थी। इसका मुख्यालय कैलिफोर्निया के सांता क्लारा में है। एनवीडिया गेमिंग, क्रिप्टोकरेंसी माइनिंग और प्रोफेशनल एप्लिकेशन्स के लिए चिप को डिजाइन और मैन्युफैक्चर करती है। इसके साथ-साथ व्हीकल्स, रोबोटिक्स और अन्य उपकरणों में भी उसके चिप सिस्टम का इस्तेमाल होता है।
कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग की नेटवर्थ 15.39 लाख करोड़
फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट के अनुसार, कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग 174.4 बिलियन डॉलर यानी 15.39 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ दुनिया के 8वें सबसे अमीर आदमी हैं।
