0 एक दिन में 7 लाख करोड़ रुपए बढ़े, भारत के टॉप-40 अमीरों से ज्यादा वेल्थ
आस्टिन (टेक्सास)। दुनिया के सबसे अमीर शख्स इलॉन मस्क की कुल संपत्ति 850 बिलियन डॉलर (करीब 77 लाख करोड़ रुपए) का आंकड़ा पार कर गई है। एक दिन में उनकी नेटवर्थ में 84 बिलियन डॉलर (7 लाख करोड़ रुपए) का इजाफा हुआ है। फोर्ब्स के मुताबिक मस्क अब इतिहास के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। मस्क की संपत्ति में यह बढ़ोतरी उनकी रॉकेट बनाने वाली कंपनी स्पेसएक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्टार्टअप एक्सएआई के मर्जर की वजह से हुई है।
सिर्फ 4 महीने में मस्क की नेटवर्थ 70% बढ़ गई है। अक्टूबर 2025 में यह 500 बिलियन डॉलर पर पहुंची थी। अब उनकी नेटवर्थ पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल की जीडीपी से ज्यादा है। ये भारत के टॉप 40 सबसे अमीरों की कुल वेल्थ से भी ज्यादा है।
स्पेसएक्स और एक्सएआई का मर्जर, 1 ट्रिलियन डॉलर की कंपनी बनी
मस्क की रॉकेट कंपनी स्पेसएक्स ने उनकी एआई कंपनी एक्सएआई को खरीद लिया है। पहले ये दोनों अलग-अलग थीं। अब ये एक ही बड़ी कंपनी बन गई हैं, जिसकी कुल कीमत 1.25 ट्रिलियन डॉलर (करीब 104 लाख करोड़ रुपए) आंकी गई है। इस विलय से मस्क की वैल्यू 84 बिलियन डॉलर बढ़ गई। मर्जर से पहले मस्क के पास स्पेसएक्स की 42% हिस्सेदारी थी, जिसकी वैल्यू $336 बिलियन थी। वहीं एक्सएआई में उनकी 49% हिस्सेदारी की कीमत 122 बिलियन डॉलर थी। मर्जर के बाद बनी नई कंपनी में मस्क की हिस्सेदारी अब 43% हो गई है, जिसकी अकेले की वैल्यू 542 बिलियन डॉलर है।
दुनिया के बाकी अमीरों से आगे निकले मस्क
मस्क और दुनिया के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति के बीच का फासला तीन गुण से ज्यादा बढ़ा है। गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज $281 बिलियन की नेटवर्थ के साथ दूसरे नंबर पर हैं। मस्क उनसे $578 बिलियन ज्यादा अमीर हैं। जिस रफ्तार से उनकी दौलत बढ़ रही है, वे जल्द ही दुनिया के पहले 'ट्रिलियनेयर' (1000 अरब डॉलर के मालिक) बन सकते हैं।