Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 भारत के अंशुल कबठियाल 25-अंडर 251 के कुल स्कोर के साथ उपविजेता रहे 
0 हनी बैसोया 23-अंडर 253 के साथ तीसरे स्थान पर रहे
0 एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन गोल्फ 2026 का समापन
0 उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विजेता व उपविजेता को पुरस्कार प्रदान किया
0 1.5 करोड़ इनामी यह प्रतियोगिता फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिसॉर्ट नया रायपुर में खेली गई

रायपुर। क्वालिफ़ाइंग स्कूल ग्रेजुएट झारेड हैक (यूएसए) ने डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपने पहले ही टूर्नामेंट में यादगार प्रदर्शन करते हुए सीज़न-ओपनर एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन 2026 का खिताब पाँच शॉट के बड़े अंतर से अपने नाम किया। 1.5 करोड़ इनामी यह प्रतियोगिता फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिसॉर्ट नया रायपुर में खेली गई। समापन व पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने विजेता, उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किया। 

झारेड हैक (63-61-63-59), जो रातों-रात तीसरे स्थान पर थे और लीड से एक शॉट पीछे थे। उन्होंने अंतिम राउंड में 10-अंडर 59 का सनसनीख़ेज़ स्कोर बनाते हुए इस कोर्स का अब तक का सबसे कम सिंगल-राउंड स्कोर दर्ज किया। 

लास वेगास निवासी झारेड, जो पिछले सप्ताह डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई क्वालिफ़ाइंग स्कूल में उपविजेता रहे थे। उन्होंने नया रायपुर में पहले से मौजूद 60 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए कुल 30-अंडर 246 के साथ सबसे कम विजयी स्कोर का नया रिकॉर्ड भी कायम किया। पिछले वर्ष यह रिकॉर्ड शौर्य भट्टाचार्य के नाम 27-अंडर 249 थll

भारत के अंशुल कबठियाल (62-61-63-65) ने 25-अंडर 251 के कुल स्कोर के साथ करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए उपविजेता स्थान हासिल किया। रातों-रात संयुक्त बढ़त में रहे अंशुल ने अंतिम दिन बेदाग 4-अंडर 65 खेला। हनी बैसोया (62-61-63-67), जो रातों-रात संयुक्त लीडर थे, 23-अंडर 253 के साथ तीसरे स्थान पर रहे। क्षितिज नवेद कौल (63), किशोर कार्तिक सिंह (64) और पूर्व पीजीटीआई नंबर-1 वीर अहलावत (65) 22-अंडर 254 के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर रहे। पहले दो दिनों के लीडर अक्षय शर्मा 21-अंडर 255 के साथ मोहम्मद अज़हर के साथ संयुक्त सातवें स्थान पर रहे।

अंतिम दिन की शुरुआत में पहले होल पर बोगी के बाद झारेड ने ज़बरदस्त वापसी की। फ्रंट-नाइन पर लंबी दूरी से तीन अहम कन्वर्ज़न (दो बर्डी और एक ईगल) के बाद उन्होंने बैक-नाइन पर पार-4 12वें होल पर ग्रीन ड्राइव कर ईगल बनाया और पाँच अन्य बर्डी जोड़ते हुए निर्णायक बढ़त हासिल की—ये सभी सटीक वेज शॉट्स और छोटे पुट्स का नतीजा थे।

झारेड हैक ने पीजीटीआई पर अपने पहले ही स्टार्ट में जीत दर्ज की
36 वर्षीय झारेड हैक, जिन्होंने हाल ही में क्वालिफ़ाइंग स्कूल में शानदार खेल दिखाया था, ने भारत की अपनी पहली यात्रा को और भी यादगार बनाते हुए डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपने पहले ही स्टार्ट में जीत दर्ज की। इससे पहले झारेड कोर्न फेरी टूर, कनाडियन टूर और पीजीए टूर लातिनो अमेरिका पर खेल चुके हैं। उन्हें डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के बारे में अपने करीबी मित्र डोमिनिक पिचिरेल्लो से जानकारी मिली थी।

पहले ही टूर्नामेंट में जीत हासिल करना बेहद खास हैः झारेड हैक
जीत के बाद झारेड ने कहा कि डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर अपने पहले ही टूर्नामेंट में जीत हासिल करना बेहद खास है। पर्दे के पीछे की गई मेहनत पर मुझे गर्व है, जिसने मेरे खेल को नई ऊंचाई दी। भारत में अलग-अलग कोर्स और परिस्थितियों में खेलने को लेकर मैं उत्साहित हूं। यहां की विविधता के बारे में मैंने बहुत सुना है। उन्होंने आगे कहा कि इस हफ्ते मेरे आयरन और वेज शॉट्स बेहतरीन रहे। आज आठवें और 12वें होल पर बने दोनों ईगल मेरे लिए निर्णायक रहे। 12वें होल पर ग्रीन ड्राइव कर चार फ़ुट का ईगल पुट मेरा टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ शॉट था। मैं अपने दोस्तों डोमिनिक पिचिरेल्लो और कोइचिरो सातो का आभारी हूँ। वे एक साल से अधिक समय से भारत में पीजीटीआई पर खेल रहे हैं और उन्होंने यहां की परिस्थितियों के अनुरूप ढलने में मेरी मदद की।