0 9 फरवरी को जांच एजेंसी के सामने पेश होना था, लेकिन नहीं पहुंचीं थीं
मुंबई/नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जल्द ही रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी की पत्नी टीना अंबानी को नया समन जारी करेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में पूछताछ के लिए उन्हें फिर से बुलाया जाएगा।
68 साल की पूर्व अभिनेत्री टीना अंबानी को 9 फरवरी को जांच एजेंसी के सामने पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचीं। अधिकारियों के मुताबिक, अब उन्हें जल्द ही दोबारा बुलाया जाएगा।
न्यूयॉर्क में एक लग्जरी अपार्टमेंट की खरीद से जुड़ा है मामला
माना जा रहा है कि न्यूयॉर्क के मैनहट्टन में एक लग्जरी अपार्टमेंट (कंडोमिनियम) की खरीद से जुड़े पैसों के लेनदेन के मामले में उनसे पूछताछ होनी है। ईडी ने हाल ही में इस मामले में रिलायंस कम्युनिकेशन (आरकॉम) के पूर्व प्रेसिडेंट पुनीत गर्ग को भी गिरफ्तार किया था। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एजेंसी ने अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (एडीएजी) के खिलाफ बैंक धोखाधड़ी और वित्तीय गड़बड़ियों के कई मामलों की जांच के लिए हाल ही में एक एसआईटी का गठन किया है।
अनिल अंबानी ग्रुप के खिलाफ फ्रॉड-केस के लिए एसआईटी गठित
एनफोर्समेंट डायरेक्टरेट (ईडी) ने अनिल धीरूभाई अंबानी ग्रुप (एडीएजी) और उससे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ 40,000 करोड़ रुपए के बैंकिंग और कॉर्पोरेट फ्रॉड की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया है। 9 फरवरी को आधिकारिक सूत्रों ने जानकारी दी कि यह टीम सुप्रीम कोर्ट के हालिया निर्देशों के बाद बनाई गई है। कोर्ट ने मामले की निष्पक्ष और जल्द से जल्द जांच करने को कहा था।