Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

नई दिल्ली। संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को लोक सभा में बताया कि वर्ष 2030 तक वाईफाई कनेक्टिविटी का लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा।

श्री सिंधिया ने प्रश्न काल में बताया कि वाईफाई कनेक्टिविटी के लक्ष्य का 50 प्रतिशत तक कार्य पूरा कर लिया गया है। वर्ष 2030 तक लक्ष्य से अधिक हासिल कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि 5जी प्रौद्योगिकी के मामले में देश विश्व के साथ चल रहा है। इस समय देश में 99.9 प्रतिशत जिलों में 5जी की सेवायें उपलब्ध हैं और वर्तमान में 5जी के 40 करोड़ से अधिक उपभोक्ता हैं। वर्ष 2030 तक इनकी संख्या 40 करोड़ से बढ़कर 100 करोड़ तक पहुंच जायेगी।

उन्होंने एक अन्य प्रश्न के उत्तर में बताया कि अरुणाचल प्रदेश के म्यांमार के सीमावर्ती विजय नगर क्षेत्र के कुछ इलाकों में संचार सेवायें उपलब्ध कराने में कुछ दिक्कतें हैं, जिन्हें राज्य के मुख्यमंत्री से चर्चा करके दूर करने के प्रयास किये जायेंगे। उस क्षेत्र में संचार सेवाओं की मूलभूत सुविधायें उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

संचार राज्य मंत्री डॉ चंद्रशेखर पेम्मासानी ने बताया कि देश के दो लाख 14 हजार ग्राम पंचायतों को आप्टिकल फाइबर से जोड़ दिया गया है। भारतनेट का तीसरा चरण जब शुरू होगा, तो शेष 40 हजार ग्राम पंचायत को आप्टिकल फाइबर से जोड़ा जायेगा। हर गांव को आप्टिकल फाइबर से जोड़ दिया जायेगा।

श्री पेम्मासानी ने बताया कि समय-समय पर दूरसंचार के विभाग के प्रत्येक परिमंडल के कामकाज की समीक्षा की जाती है और जो भी समस्यायें-दिक्कतें सामने आती हैं, उन्हें दूर किया जाता है।