Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 रायपुर में हनुमान चालीसा महापाठ, जंवारा विसर्जन के साथ माता को विदाई

0 जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया

रायपुर/दुर्ग/बिलासपुर/रायगढ़। छत्तीसगढ़ में रामनवमी के अवसर पर कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवसर पर राजधानी रायपुर पूरी तरह राममय रहा। इस मौके पर जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। रायपुर में आमापारा क्षेत्र में झांकी निकाली गई। जंवारा विसर्जन के साथ माता को विदाई दी गई। विसर्जन की वजह से शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम हो गया।  

फूल चौक से आमापारा चौक और कंकाली तालाब रोड तक लंबा जाम देखने को मिला, जबकि आजाद चौक, शारदा चौक से लेकर पुरानी बस्ती तक ट्रैफिक डायवर्जन की स्थिति बनी रही। इसके अलावा रायपुर में हनुमान चालीसा महापाठ का भव्य आयोजन होगा। जिसका लाइव प्रसारण 100 देशों में किया जाएगा। एक ही समय में कई देश के श्रद्धालु सामूहिक रूप से जुड़ेंगे।

रायपुर में आयोजन का देशभर में लाइव प्रसारण
रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में हनुमान चालीसा महापाठ होगा। यह कार्यक्रम श्री हनुमान महापाठ समिति की ओर से लगातार 18वें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण संस्कार टीवी के माध्यम से देश दुनिया में किया जा रहा है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, रायपुर के साथ ही देशभर के करीब 2000 स्थानों पर एक ही समय में श्रद्धालु सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे, जिससे यह आयोजन वैश्विक स्तर पर विशेष महत्व प्राप्त करेगा।

दुर्ग में 50 हजार भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था 
रामनवमीं के मौके पर दुर्ग शहर के 250 साल पुराने श्री राम पंचायती मंदिर में 108 परिक्रमा कर भगवान की पूजा की गई। यहां 50 हजार भक्तों के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है। 

बिलासपुर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई
बिलासपुर में रामनवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। व्यंकटेश मंदिर सिम्स चौक से शुरू हुई इस यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। शोभायात्रा में सबसे आगे संकटमोचन हनुमान की विशालकाय प्रतिमा आकर्षक का केंद्र रही। रामनवमी के अवसर पर बिलासपुर के श्री वेंकटेश मंदिर में सुबह 5:30 बजे सुप्रभातम और उत्थापन आरती से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद सुबह 8 बजे भगवान का अभिषेक किया गया और 9 बजे से 12 बजे तक भजन-कीर्तन हुआ। दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्म के समय मंदिर में जय श्रीराम के जयकारे गूंज उठे। शाम 4 बजे से भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो पूरे शहर में घूमते हुए रात करीब 8:45 बजे वापस मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद महाआरती की जाएगी।

रायगढ़ में आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं
रायगढ़ के नटवर स्कूल से रामनवमी की शोभायात्रा की शुरुआत हुई, जो तय रूट के अनुसार स्टेशन चौक से होते हुए एमजी रोड तक निकली। इस दौरान विभिन्न समाज के लोगों ने आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं और कई जगहों पर हैरतअंगेज करतब भी दिखाए गए। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में रामभक्त शामिल हुए, जहां भजन और जय श्रीराम के नारों से माहौल गूंजता रहा।

 

tranding
tranding