Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 कल रायपुर समेत कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी
0 12 जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओँ का अलर्ट
रायपुर/गरियाबंद/रायगढ़। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अर्नब' का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। रायपुर,  दुर्ग और रायगढ़ में सुबह से बूंदाबांदी हुई, जो दिनभर जारी रही। तेज हवाएं चल रही हैं। गरियाबंद में भी देर रात से लगातार बारिश के साथ ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। 

दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी है। अगले 24 घंटे में बालोद, बलौदाबाजार, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, धमतरी, दुर्ग, कांकेर, महासमुंद, नारायणपुर, रायपुर और सुकमा में कई जगह भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

ऐहतियात के तौर पर बस्तर के स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। रायपुर, गरियाबंद, रायगढ़ और दुर्ग में भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। सरगुजा संभाग के सभी जिलों में भी कल स्कूल बंद रहेंगे। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और बेवजह घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

रायपुर में बादल छाए, रात से ठंडी हवाएं चल रहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, 27 अक्टूबर से ही प्रदेश में चक्रवात का असर देखने को मिला रायपुर समेत कई जिलों में मंगलवार को बादल छाए रहे, जिसकी वजह से दिन का तापमान सामान्य से कम रहा। वहीं रात को भी ठंडी हवाएं चलती रही।
बता दें कि, चक्रवाती तूफान 'अर्नब' बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम से टकराया। लैंडफॉल की प्रोसेस करीब तीन घंटे तक चली। लैंडफॉल के समय हवा की स्पीड गति 125-135 किमी/घंटा रही।

अर्नब को लेकर रायपुर प्रशासन अलर्ट
चक्रवात अर्नब के असर को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने सभी विभागों को अलर्ट कर राहत-बचाव की तैयारी शुरू कर दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को भारी बारिश, तेज हवाओं, बिजली गिरने और जलभराव से बचाव की समझाइश दी जा रही है। राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और बिजली विभाग के साथ एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। नदी-नालों, निचले इलाकों, कमजोर भवनों, पेड़ों और बिजली लाइनों पर नजर रखने के साथ जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है। नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर मौसम की चेतावनियों की नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने, अनावश्यक बाहर नहीं निकलने, अफवाहों से बचने और अधिकृत सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0771-2413233 जारी किया गया है।

29 अक्टूबर को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में अलर्ट
29 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। गरज-चमक के साथ 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।