सक्ती। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिला सक्ती के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में हुए भीषण बॉयलर विस्फोट की घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया है। जांच कमेटी 16 अप्रैल को सिंघीतराई पहुंचेगी। यहां कमेटी के सदस्य घटना स्थल का निरीक्षण करेंगे तथा प्लांट प्रबंधन के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा गठित इस जांच कमेटी में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, पूर्व मंत्री नोवल वर्मा, पूर्व मंत्री, विधायक उमेश पटेल, विधायक चंद्रपुर रामकुमार यादव, बालेश्वर साहू, राघवेंद्र सिंह, शेषराज हरबंस, व्यास कश्यप, अटल श्रीवास्तव तथा श्रीमती उत्तरी जांगड़े सहित कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि शामिल किए गए हैं। इसके अलावा जिला कांग्रेस कमेटी जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल एवं जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती की अध्यक्ष श्रीमती रश्मि गवेल को भी इस जांच टीम में शामिल किया गया है।
जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गिरधर जायसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा गठित यह जांच दल 16 अप्रैल 2026 को दोपहर 2 बजे वेदांता पावर प्लांट सिंघीतराई पहुंचेगा। यहां कमेटी के सदस्य घटना स्थल का निरीक्षण करेंगे तथा प्लांट प्रबंधन के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा करेंगे। इसके साथ ही कमेटी पीड़ित मजदूरों, उनके परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी एकत्र करेगी।
जांच दल केवल घटनास्थल तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हादसे में घायल हुए मजदूरों से भी अस्पतालों में जाकर मुलाकात करेगा। जानकारी के अनुसार, रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती घायलों से कमेटी सदस्य मिलकर उनके बयान दर्ज करेंगे और हादसे के वास्तविक कारणों को समझने का प्रयास करेंगे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि यह हादसा अत्यंत दुखद और चिंताजनक है, और यदि इसमें किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा और घायलों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जाएगा।