0 सीवरेज लाइन काम के दौरान हादसा
0 10 फीट गड्ढे में दबकर तोड़ा दम
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की दबकर मौत हो गई। मंगलवार शाम दास पान ठेला चौक के पास यह हादसा हुआ। मजदूर सीवरेज पाइप बिछाने के लिए खुदाई कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी खिसक गई और वे 10 फीट गहरे गड्ढे में दब गए।
घटना दल्लीराजहरा क्षेत्र की है। बीएसपी की सीवरेज लाइन प्रोजेक्ट के अंतर्गत काम यह हो रहा था। हादसे में 2 पुरुष किशुन कुमार और राकेश कुमार समेत एक महिला मजदूर बैशाखिन की जान गई है।
मिट्टी धंसी तब निकलने का मौका नहीं मिला
जानकारी के अनुसार, बीएसपी की सीवरेज लाइन विस्तार प्रोजेक्ट के तहत गहरी खुदाई कर पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक मिट्टी भरभराकर ढह गई और गड्ढे के भीतर काम कर रहे मजदूर बाहर निकलने का मौका तक नहीं पा सके।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मजदूरों से बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के 10 फीट गहरे गड्ढे में काम कराया जा रहा था। न तो सुरक्षा बैरिकेडिंग थी और न ही मिट्टी धंसने से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। ऐसे में अब निर्माण कार्य में लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और बीएसपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य चलाया गया, लेकिन तब तक तीनों मजदूरों की जान जा चुकी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।