0 नाहिद को 5 विकेट, कप्तान शांतो की सेंचुरी
मीरपुर। बांग्लादेश ने पहली बार घर में पाकिस्तान को हरा दिया है। टीम ने मीरपुर टेस्ट में 104 रन से जीत हासिल की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी कर रही बांग्लादेशी टीम ने पहली पारी में 413 रन बनाए। कप्तान नजमुल शांतो ने सेंचुरी जमाई।
पाकिस्तान की तरफ से डेब्यू कर रहे ओपनर अजान अवैस ने शतक लगाया और पाकिस्तान ने पहली पारी में 386 रन बनाए। बांग्लादेश को 27 रन की बढ़त मिली। टीम ने दूसरी पारी 240/9 पर डिक्लेयर की और पाकिस्तान को 268 रन का टारगेट दिया।
मंगलवार को नाहिद राणा के 5 विकेट की बदौलत पाकिस्तान दूसरी पारी में 163 रन ही बना सका। अब्दुल फजल ने सबसे ज्यादा 66 रन बनाए।
नाहिद ने अफरीदी को आउट करके जीत दिलाई
पाकिस्तान की दूसरी पारी के 53वें ओवर में नाहिद राणा ने शाहीन अफरीदी को आउट कर बांग्लादेश को ऐतिहासिक जीत दिलाई। शॉर्ट गेंद पर शाहीन पुल शॉट खेलने की कोशिश में फंस गए। गेंद उनके ग्लव्स से लगकर हवा में गई, जहां मोमिनुल हक ने आसान कैच पकड़ा। शाहीन ने डीआरएस लिया, लेकिन रिप्ले में साफ दिखा कि गेंद ग्लव्स से लगी थी।
शांतो ने दूसरी पारी में 87 रन बनाए
मीरपुर के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में मेजबान टीम ने मंगलवार को 152/3 के स्कोर से खेलना शुरू किया और पहले सेशन में ही पारी समाप्ति की घोषणा कर दी। कप्तान नजमुल हसन शांतो 87 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने पहली पारी में शतक (101 रन) लगाया था। कप्तान के अलावा, मोमिनुल हक (56 रन) ने अर्धशतक लगाया। हसन अली और नोमान अली को 3-3 विकेट मिले।