0 बारिश की आशंका
रायपुर। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 13 मई को रायल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) और कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बीच मुकाबला होगा। मौसम विभाग ने कल शाम बारिश की आंशका जताई है। वहीं, इस बार स्टेडियम का पूरा मैनेजमैंट आरसीबी संभाल रही है। लोगों में मैच को लेकर उत्साह है, लेकिन व्यवस्थाओं पर सवाल उठ रहे हैं।
केकेआर ने बहाया पसीना
मुकाबले से पहले केकेआर की टीम सोमवार शाम रायपुर पहुंची और स्टेडियम में प्रैक्टिस किया। इस दौरान केकेआर के बल्लेबाजों ने लंबे शॉट्स और डेथ ओवर्स की बल्लेबाजी पर खास फोकस किया। खिलाड़ियों ने बड़े हिट लगाने के साथ-साथ आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की रणनीति पर काम किया। दूसरी ओर गेंदबाजों ने यॉर्कर, स्लोअर वन और डेथ ओवर की लाइन-लेंथ पर अभ्यास किया।
प्रैक्टिस में नहीं दिखे कप्तान अजिंक्य रहाणे
टीम के ज्यादातर खिलाड़ी मैदान पर अभ्यास करते नजर आए, लेकिन कप्तान अजिंक्य रहाणे प्रैक्टिस सत्र में शामिल नहीं हुए। हालांकि टीम मैनेजमेंट की ओर से उनकी गैरमौजूदगी को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
रिंकू सिंह ने लगाए लंबे शॉट्स
प्रैक्टिस सेशन में रिंकू सिंह ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा। उन्होंने नेट्स में करीब 60 गेंदों का सामना किया और इनमें से 15 गेंदों को मैदान के बाहर पहुंचाया। रिंकू बड़े शॉट्स लगाने की लय में नजर आए और उन्होंने डेथ ओवर बल्लेबाजी पर विशेष अभ्यास किया।
सुनिल नरेन ने डेथ ओवर प्लान पर किया काम
केकेआर के अनुभवी ऑलराउंडर सुनिल नरेन ने लगभग 5 ओवर गेंदबाजी की। उन्होंने अपनी स्पिन और वैरिएशन पर काम किया। टीम मैनेजमेंट डेथ ओवरों में रन रोकने की रणनीति पर खास ध्यान देता नजर आया।
खिलाड़ियों को देखने पहुंचे फैंस, सुरक्षा रही कड़ी
स्टेडियम में खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में फैंस पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और दर्शकों को सीमित एरिया से ही खिलाड़ियों को देखने की अनुमति दी गई। पुलिस और सुरक्षा बल पूरे प्रैक्टिस सेशन के दौरान तैनात रहे।