0 10 ग्राम सोना 1592 चढ़कर 1.52 लाख पर आया
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोगों से सोना न खरीदने की अपील के बावजूद आज 12 मई को सोना-चांदी में तेजी है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, एक किलो चांदी 11,620 रुपए बढ़कर 2,67,820 रुपए पर पहुंच गई है। इससे पहले सोमवार को इसकी कीमत 2,56,200 रुपए प्रति किलो थी।
वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,592 रुपए चढ़कर 1,51,954 रुपए पर पहुंच गया है। इससे पहले 11 मई को इसकी कीमत 1,50,362 रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
इस साल सोने-चांदी की कीमत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। सोना 2026 में अब तक 18,755 रुपए और चांदी 37,400 रुपए महंगी हुई है। 31 दिसंबर 2025 को 10g सोना 1.33 लाख रुपए पर था, जो अब 1.52 लाख रुपए पर पहुंच गया है।
वहीं, चांदी 2.30 लाख रुपए किलो थी, जो अब 2.68 लाख रुपए पर पहुंच गई है। इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए का ऑलटाइम हाई भी बनाया था।
पीएम ने एक साल तक सोना न खरीदने की अपील की
प्रधानमंत्री मोदी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि एक समय था, जब संकट आने पर देशहित में लोग सोना दान दे देते थे। आज दान की जरूरत नहीं है, लेकिन देशहित में हमें यह तय करना होगा कि सालभर तक घर में कोई कार्यक्रम हो, हम सोने के गहने नहीं खरीदेंगे। विदेशी मुद्रा बचाने के लिए हमारी देशभक्ति हमें चुनौती दे रही है और हमें यह स्वीकार करके विदेशी मुद्रा बचानी होगी।
ऐसा क्यों कहा: पीएम मोदी ने भारत के विदेशी मुद्रा भंडार को बचाने के लिए ये अपील की। भारत अपने इस्तेमाल का करीब 99% सोना विदेशों से खरीदता है। 2025-26 में सोने का ये इम्पोर्ट बिल करीब 6.4 लाख करोड़ रुपए का था। विदेशों से खरीदे जाने वाले सामान के कुल खर्चे में 9% हिस्सेदारी के साथ सोना दूसरे नंबर पर है।