0 महामसुंद में बिजली गिरने बेटे की मौत, पिता झुलसे, मकान जला
0 मध्यप्रदेश से मणिपुर तक ट्रफलाइन सिस्टम बनने से पूरे प्रदेश का मौसम बदला
रायपुर/दुर्ग/महासमुंद/बिलासपुर। मध्यप्रदेश मणिपुर तक ट्रफलाइन सिस्टम बनने से पूरे प्रदेश का मौसम बदल गया है। इस सिस्टम में नमी होने से प्रदेश के कई हिस्से में आंधी-तूफान व गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है। शुक्रवार सुबह राजधानी रायपुर में तेज गरज-चमक के साथ बारिश हुई और दोपहर तक बादल छाए रहे। वहीं दुर्ग जिले में भी तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। इसी तरह महासमुंद जिले में आकाशीय बिजली गिरने की 2 घटनाएं सामने आई हैं। तुमगांव थाना क्षेत्र में खेत की रखवाली के दौरान मचान पर सो रहे पिता-बेटे पर बिजली गिर गई, जिसमें बेटे की मौत हो गई और पिता गंभीर रूप से झुलस गए। वहीं कोमाखान क्षेत्र में बिजली गिरने से एक मकान में आग लग गई, जिससे लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
इसके अलावा बिलासपुर में भी बिजली की चपेट में आने से पिता-बेटी घायल हुए हैं। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। रायपुर में शुक्रवार सुबह गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई, जबकि धमतरी में धूलभरी आंधी चली। कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए और कुछ इलाकों में बिजली गुल रही।
वहीं दुर्ग जिले के में भी तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई। दुर्ग जिले के अंडा गांव में तेज आंधी से बचने लोग पेट्रोल पंप की छत के नीचे खड़े रहे। वहीं, आंधी इतनी तेज थी कि एक स्कूटी भी हवा के झोंकों से गिर गई। इसी दौरान एक युवक मोबाइल से मौसम का वीडियो बना रहा था। तभी अचानक आसमान में तेज बिजली चमकी और बिजली गिरने का दृश्य कैमरे में कैद हो गया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
अगले 4 दिनों तक गरज-चमक और बारिश की आशंका
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्से में अगले 4 दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं 17 मई से मध्य छत्तीसगढ़ में हीटवेव चलने की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजनांदगांव में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेन्ड्रा रोड में 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
महासमुंद में बिजली गिरने की दो घटनाएं हुईं
मचान पर गिरी बिजली, बेटे की मौत, पिता झुलसे
पहली घटना तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पिरदा छापाडबरी खार की है। यहां धर्मसिंह गोंड (40) अपने पिता पुनीतराम गोंड (करीब 70) के साथ मूंगफली खेत की रखवाली के लिए परसा पेड़ पर बने मचान में सो रहे थे। गुरुवार देर रात तेज गरज-चमक के दौरान मचान पर बिजली गिर गई। हादसे में धर्मसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव में भर्ती कराया गया, जहां इलाज जारी है।
बिजली गिरने से मकान में लगी आग
दूसरी घटना शुक्रवार सुबह कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम बाघामुड़ा में हुई। यहां प्रज्ञानंद देवांगन के खपरैल मकान पर बिजली गिरने से भीषण आग लग गई। आग तेजी से पूरे घर में फैल गई, जिससे घरेलू सामान, फर्नीचर, कपड़े और लाखों रुपए के वाहन सीट कवर सहित कई सामान जलकर राख हो गए। हालांकि परिवार के सदस्य घर के दूसरे हिस्से में होने के कारण सुरक्षित बच गए और कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही महासमुंद और बागबाहरा से पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।