0 धर्मांतरण-जमीन विवाद दोनों बिंदुओं पर जांच
जगदलपुर। बस्तर में सुकमा जिले के ग्राम साडरापाल में रविवार को आयोजित प्रार्थना सभा के दौरान विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर ग्रामीणों और ईसाई समुदाय से जुड़े लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। जिसमें 5 से 7 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस मौके पर हालात पर नजर रखे हुए है। मामला तोंगपाल थाना क्षेत्र का है।
क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, गांव में चल रही प्रार्थना सभा के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। ईसाई समुदाय और उससे जुड़े संगठनों का कहना है कि प्रार्थना सभा के दौरान कुछ लोगों ने हमला किया, जिससे कई लोग घायल हुए। संगठनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इस विवाद को धर्मांतरण गतिविधियों से जोड़कर देख रहे हैं। घटना के बाद इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।
जमीन विवाद का पहलू भी जांच के दायरे में
तोंगपाल पुलिस का कहना है कि, शुरुआती जांच में मामला केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं लग रहा है। पुलिस के अनुसार जमीन संबंधी विवाद और पुरानी आपसी रंजिश का पहलू भी सामने आया है। इसी वजह से जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।
पुलिस ने हिड़मा कवासी की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई
घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।