Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 रोनाल्डो सबसे अमीर खिलाड़ी, दूसरे नंबर पर मेसी
0 दोनों की नेटवर्थ 1 बिलियन से ज्यादा
नई दिल्ली। फीफा वर्ल्ड कप में इस बार पहली बार बिलेनियर खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे। फोर्ब्स ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में भाग लेने वाले सबसे अमीर खिलाड़ियों की लिस्ट जारी की है। इसमें पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो टॉप पर हैं। वहीं, अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी दूसरे नंबर पर हैं।

रोनाल्डो और मेसी दोनों की ही नेटवर्थ 1 बिलियन डॉलर (करीब 9,530 करोड़) से ज्यादा है। फोर्ब्स के मुताबिक, वर्ल्ड कप के टॉप 11 खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले पिछले 12 महीनों में कुल $950 मिलियन (करीब 9,050 करोड़) की कमाई की है।
फीफा वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई तक अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट में पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और 104 मैच खेले जाएंगे।

रोनाल्डो की कमाई 2,800 करोड़ पार, मेवेदर के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की
41 साल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस समय दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं। पिछले एक साल में उनकी अनुमानित कमाई $300 मिलियन (करीब 2858.25 करोड़) रही है। इसमें से 3191.71 करोड़ (235 मिलियन डॉलर) उन्हें मैदान पर खेल (सैलरी और बोनस) से मिले हैं, जबकि 619.38 करोड़ (65 मिलियन डॉलर) एंडोर्समेंट और अन्य बिजनेस वेंचर्स से आए हैं। सऊदी अरब के क्लब अल-नासर के लिए खेलने वाले रोनाल्डो दुनिया के उन चुनिंदा 4 एक्टिव एथलीट्स में शामिल हैं, जिनकी नेटवर्थ 1 बिलियन डॉलर से ज्यादा है।उनकी यह सालाना कमाई बॉक्सिंग लेजेंड फ्लॉयड मेवेदर जूनियर के उस रिकॉर्ड के बराबर है, जो फोर्ब्स के इतिहास में किसी खिलाड़ी की एक साल की सबसे बड़ी कमाई मानी जाती है। रोनाल्डो अपने करियर का छठवां वर्ल्ड कप खेल रहे हैं और हाल ही में उन्होंने अल-नासर को सऊदी प्रो लीग का खिताब भी जिताया है।

दूसरे नंबर पर मेसी, इस बार सबसे बड़े स्कोरर बन सकते हैं
अर्जेटीना को पिछला वर्ल्ड कप जिताने वाले लियोनेल मेसी लिस्ट में दूसरे स्थान पर हैं। मेसी ने पिछले 12 महीनों में 140 मिलियन डॉलर (करीब 1333.78 करोड़) की कमाई की है। खास बात यह है कि मेसी की यह कमाई फील्ड और ऑफ-फील्ड (विज्ञापन और बिजनेस) में आधी-आधी (70-70 मिलियन डॉलर) बंटी हुई है। इंटर मियामी के लिए खेल रहे मेसी हाल ही में फोर्ब्स की बिलेनियर लिस्ट में शामिल हुए हैं, उनकी कुल नेटवर्थ 1.1 बिलियन डॉलर (करीब 1048 करोड़) आंकी गई है। रोनाल्डो की तरह मेसी का भी यह छठवां वर्ल्ड कप होगा। अगर मेसी इस टूर्नामेंट में 4 गोल और कर देते हैं, तो वह जर्मनी के मिरोस्लाव क्लोज (16 गोल) को पीछे छोड़कर वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे सफल गोल स्कोरर बन जाएंगे।

एम्बापे तीसरे और हालैंड चौथे पायदान पर
फ्रांस के स्टार फॉरवर्ड किलियन एम्बापे लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। रियल मैड्रिड के इस खिलाड़ी की सालाना कमाई 95 मिलियन डॉलर (करीब 905.13 करोड़) रही है। एम्बापे इस समय फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े ब्रांड्स में से एक हैं और उन्होंने हाल ही में कई नए इन्वेस्टमेंट किए हैं। मैनचेस्टर सिटी के साथ बड़ा कॉन्ट्रैक्ट करने वाले नॉर्वे के स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड 80 मिलियन डॉलर (करीब 762.27 करोड़) की कमाई के साथ चौथे नंबर पर हैं।वहीं ब्राजील के विनीसियस जूनियर 60 मिलियन डॉलर (करीब 571.70 करोड़) कमाकर पांचवें स्थान पर काबिज हैं।

सिर्फ 18 साल की उम्र में लामिन यामल टॉप-10 में शामिल
इस लिस्ट का सबसे बड़ा सरप्राइज स्पेन के 18 वर्षीय सनसनी लामिन यामल हैं। यामल ने पिछले एक साल में 43 मिलियन डॉलर (करीब 409.68 करोड़) की बंपर कमाई की है और वह लिस्ट में 9वें नंबर पर हैं। इतनी कम उम्र में उनकी इतनी बड़ी कमाई फुटबॉल मार्केट में उनके बढ़ते दबदबे को दिखाती है। लिवरपूल के मोहम्मद सालाह 55 मिलियन डॉलर (करीब 523.96 करोड़) के साथ छठे, सेनेगल के सादियो माने 54 मिलियन डॉलर (करीब 514.44 करोड़) के साथ सातवें और इंग्लैंड के जूड बेलिंगहैम 44 मिलियन डॉलर (करीब 419.17 करोड़) के साथ आठवें नंबर पर हैं। इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन 41 मिलियन डॉलर (करीब 390.59 करोड़) कमाकर 10वें और चोट से जूझ रहे ब्राजील के नेमार 38 मिलियन डॉलर (करीब 362.01 करोड़) के साथ 11वें नंबर पर हैं।