Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 जडेजा की वापसी, बुमराह पर फैसला फिटनेस के आधार पर

नई दिल्ली। बीसीसीआई ने श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है। सारांश जैन टीम में नया चेहरा हैं। शुभमन गिल कप्तान और केएल राहुल उपकप्तान होंगे।
तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और साई सुदर्शन को टीम में रखा गया है लेकिन उनका खेलना या ना खेलना फिटनेस पर निर्भर करेगा। नीतीश कुमार रेड्डी अनफिट होने के कारण टीम में नहीं चुने गए हैं। वाशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग के चलते पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं। दो मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से गॉल में शुरू होगी।

सारांश जैन को इंडिया-ए के प्रदर्शन का इनाम मिला
मध्य प्रदेश के स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। उन्होंने हाल ही में श्रीलंका दौरे पर इंडिया-ए के लिए दूसरे चार दिवसीय मैच में नाबाद 70 रन बनाने के अलावा 6 विकेट भी लिए थे। ऑफ स्पिनर सारांश ने अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 31.75 की औसत से 2,223 रन बनाए हैं। उन्होंने 188 फर्स्ट क्लास विकेट भी लिए हैं।

राहुल-जायसवाल करेंगे ओपनिंग, गिल नंबर-4 पर
भारतीय बल्लेबाजी क्रम में ज्यादा बदलाव नहीं किया गया है। केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल पारी की शुरुआत करेंगे। कप्तान शुभमन गिल नंबर-4 पर बल्लेबाजी करेंगे। साई सुदर्शन के साथ देवदत्त पडिक्कल भी टीम का हिस्सा हैं। विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ऋषभ पंत संभालेंगे। ध्रुव जुरेल रिजर्व विकेटकीपर होंगे।

स्पिन में जडेजा, कुलदीप और मानव सुथार पर भरोसा
स्पिन डिपार्टमेंट में रवींद्र जडेजा और कुलदीप यादव टीम में शामिल हैं। टेस्ट डेब्यू में 7 विकेट लेने वाले मानव सुथार भी टीम में हैं।

बुमराह, सिराज और प्रसिद्ध संभालेंगे तेज गेंदबाजी
तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह (फिट होने पर), मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा पर होगी। श्रीलंका-ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय मुकाबले में 10 विकेट लेने वाले गुरनूर बरार भी प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के मजबूत दावेदार हैं।

15 अगस्त से शुरू होगी सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो के एसएससी मैदान पर होगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मौजूदा साइकल में भारत की यह पहली विदेशी टेस्ट सीरीज होगी। भारत फिलहाल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप पॉइंट्स टेबल में पांचवें, जबकि श्रीलंका छठे स्थान पर है।

tranding