0 ट्रिपल जंप में 2 मेडल
0 भारत 13 गोल्ड, 17 रजत व 9 कांस्य के साथ कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे नंबर पर पहुंचा
ग्लास्गो। स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 10वें दिन शनिवार को भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 गोल्ड मेडल जीते। इनमें 7 गोल्ड बॉक्सिंग और एक पैरा शॉटपुट से आया है। भारत ने पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स के एक ही एडिशन में बॉक्सिंग में 7 गोल्ड मेडल जीते हैं। इसी के साथ भारत अब तक 13 गोल्ड, 17 रजत व 9 कांस्य के साथ कुल 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे नंबर पर पहुंच गया है।
महिला बॉक्सिंग में प्रीति पवार, जैस्मिन लांबोरिया, साक्षी चौधरी, प्रिया घंघास और अरुंधति चौधरी ने अपने-अपने फाइनल जीतकर गोल्ड मेडल हासिल किए। पुरुषों में सचिन सिवाच और अंकुश पंघाल ने गोल्ड मेडल जीते। बॉक्सिंग में ही लवलीना बोरगोहेन, जादुमणि और नरेंद्र बेरवाल को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
पैरा एथलेटिक्स में सोमन राणा ने गोल्ड जीता। पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इसके साथ ही वे कॉमनवेल्थ गेम्स में 5000 और 10000 मीटर दोनों इवेंट में मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। भारत ने ट्रिपल जंप में दो और मेडल भी जीत लिए।
पंघाल ने इंग्लिश बॉक्सर को 4-1 से हराया
अंकुश पंघाल ने पुरुषों के 80 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड के मुक्केबाज डिमेजी शिट्टू को 4-1 से हराया। अंकुश फाइनल की शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाया और आखिर में जीत अपने नाम की।
सचिन सिवाच के आखिरी पंच से सोना आया
सचिन सिवाच ने पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में नामीबिया के मुक्केबाज को ट्राईगेन मॉर्निंग नडेवेलो को 3-2 से हराया। दूसरे राउंड में रेफरी ने सचिन पर एक अंक की पेनल्टी लगाई थी। ऐसे में आखिरी राउंड में उनका 4-1 से जीतना जरूरी हो गया था। आखिरी राउंड भी बराबरी पर था, लेकिन सचिन में आखिरी क्षणों में दमदार पंच लगाया, इससे नडेवेलो लड़खड़ा गए। इसी पंच ने सचिन की जीत तय कर दी।
अरुंधति चौधरी को भी गोल्ड
अरुंधति चौधरी ने 70kg में इंग्लैंड की कैंथले रीड को 5-0 से हराया। अंतिम राउंड के शुरुआती 30 सेकेंड में रेफरी ने दोनों मुक्केबाजों को खेल की रफ्तार बढ़ाने के लिए कहा।अरुंधति की प्रतिद्वंद्वी रीड को मुकाबले में वापसी के लिए आक्रामक होना था, लेकिन भारतीय मुक्केबाज ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।
प्रिया घंघास की संघर्षपूर्ण जीत
महिलाओं के 60kg फाइनल मुकाबले में भारत की प्रिया घंघास ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। कड़े मुकाबले में उन्होंने मिले जुले फैसले में 4-1 से जीत हासिल की। प्रिया ने मुकाबले की तेज शुरुआत की, लेकिन उनकी प्रतिद्वंद्वी अल-अहमदियेह ने भी कुछ सटीक पंच लगाकर जोरदार जवाब दिया। फाइनल राउंड में दोनों मुक्केबाजों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। प्रिया थकी हुई नजर आ रही थीं, लेकिन उन्होंने लगातार आक्रामक रुख बनाए रखा और दमदार पंच लगाती रहीं।
साक्षी ने इंग्लैंड की खिलाड़ी को 5-0 से हराया
महिलाओं के 51 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में भारत की साक्षी चौधरी ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और यूनानिमस डिसीजन 5-0 से जीत हासिल की। साक्षी ने मुकाबले के दौरान बेहतरीन रणनीति अपनाई। उन्होंने बाएं हाथ से प्रतिद्वंद्वी के पंचों को रोका और दाएं हाथ से लगातार सटीक जवाबी हमले किए। उनके कई पंच सीधे प्रतिद्वंद्वी के चेहरे पर लगे, जिससे मुकाबले में उनकी पकड़ मजबूत होती गई।
प्रीति ने कनाडाई मुक्केबाज को हराया
हरियाणा की बॉक्सर प्रीति पवार ने विमेंस के 54 किग्रा वर्ग में कनाडा की स्कार्लेट डेलगाडो को 5-0 से हराया। उन्होंने तीनों ही राउंड में दबदबा कायम रखा और गोल्ड अपने नाम किया। प्रीति ने 2023 के एशियन गेम्स में ब्रॉन्ज जीता था। प्रीति 2024 पेरिस ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 2026 एशियन चैंपियनशिप में उन्होंने गोल्ड मेडल जीता, जबकि 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में भी गोल्ड अपने नाम किया। प्रीति की ट्रेनिंग NS NIS पटियाला में होती है।
जैस्मिन ने मिशेला वॉल्स को 5-0 से मात दी
हरियाणा की बॉक्सर जैस्मिन लांबोरिया 57 किग्रा कैटेगरी के फाइनल में मिशेला वॉल्श को 5-0 से हराया। उन्हें सभी जजों ने एक मत फैसले से विजेता घोषित किया। जैस्मिन इस वर्ग में दुनिया की नंबर-1 बॉक्सर हैं। उन्होंने 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप और वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल में गोल्ड जीता है। जैस्मिन 2024 पेरिस ओलिंपिक में भारत के लिए खेल चुकी हैं और 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स में ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं।