नई दिल्ली। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) परिषद की 57वीं बैठक अब 7 अक्टूबर को नई दिल्ली में होने की संभावना है। पहले यह बैठक 12 सितंबर को होनी थी, लेकिन उसी दिन होने वाले ब्रिक्स नेताओं के सम्मेलन के कारण इसे टाल दिया गया था। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अभी नई तारीख की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। जीएसटी अधिकारियों की तैयारी के लिए 5 और 6 अक्टूबर को बैठकें होंगी। पहली बैठक 5 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे और दूसरी 6 अक्टूबर को सुबह 11 बजे होगी।
एक साल से ज्यादा समय बाद होगी बैठक
यह एक साल से ज्यादा समय बाद जीएसटी परिषद की पहली बैठक होगी। परिषद की पिछली यानी 56वीं बैठक 3 और 4 सितंबर 2025 को हुई थी। इसमें जीएसटी व्यवस्था में बड़े बदलाव को मंजूरी दी गई थी। इन बदलावों के तहत ज्यादातर वस्तुओं और सेवाओं को 5 और 18 फीसदी की दो मुख्य कर दरों में रखा गया था। कुछ महंगी और ज्यादा कर वाली वस्तुओं के लिए 40 फीसदी की विशेष दर भी तय की गई थी। नई दरें 22 सितंबर 2025 से लागू हुई थीं।
इनपुट टैक्स क्रेडिट और रिफंड पर चर्चा
अक्टूबर में होने वाली बैठक में इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी), रिफंड और जीएसटी अनुपालन से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। कुछ मामलों में आईटीसी के दावे से जुड़ी पाबंदियों को आसान करने और उलटी शुल्क संरचना के कारण जमा हो रहे क्रेडिट की समस्या दूर करने के प्रस्तावों पर भी विचार हो सकता है। जीएसटी परिषद की अध्यक्षता केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण करती हैं। इसमें सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री शामिल होते हैं। नियमों के अनुसार परिषद की बैठक कम से कम हर तिमाही में एक बार होनी चाहिए, हालांकि कई बार बैठकों के बीच इससे ज्यादा लंबा अंतर भी रहा है।