0 केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि विपक्ष जिस तरह की नकारात्मक राजनीति कर रहा है उससे अगले 30 साल तक उसकी सरकार बनने की संभावना नहीं है।
श्री शाह यहां यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी दल चुनाव में हारने के बाद ईवीएम, वोट चोरी और चुनाव आयोग को लेकर बहाने बनाते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिस तरह की नकारात्मक राजनीति कर रहा है, उससे अगले 30 साल तक उसकी सरकार बनने की संभावना नहीं है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टियां कभी ईवीएम , कभी वोट चोरी का बहाना बनाती हैं। जब वे कहते हैं कि 30 साल तक उनकी पार्टी की सरकार रहेगी तब विपक्षी दल जनता से कहते हैं कि वोट चोरी हो रही है, अन्यथा अमित शाह जी को कैसे मालूम हुआ। श्री शाह ने कहा कि वह यहीं जन्मे हैं और यहीं रहते हैं और देश की जनता के बीच रहते हैं और न ही हर 6 माह में उन्हें विदेश जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिस प्रकार की नकारात्मक राजनीति कर रहा है, अगले 30 साल तक विपक्ष की सरकार नहीं बनेगी। देश के विभिन्न राज्यों में भाजपा की सरकारें चुने जाने से विपक्षी दल परेशान हैं और इसी कारण वे वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल वोट चोरी का शोर मचाकर घुसपैठियों के वोट बचाना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव हारने पर चुनाव आयोग और मतदाता सूची पर सवाल उठाता है, जबकि जीतने पर इन्हीं व्यवस्थाओं को सही बताता है। उन्होंने केरल, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के चुनावों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाया। विपक्षी दल आसपास के राज्यों से अपने कार्यकर्ताओं को जुटाकर दिल्ली में प्रदर्शन करने से जनता के जनादेश को झुठला नहीं सकते। लोकतंत्र में चुनाव जीतने के लिए जनता के बीच जाना, उनकी समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना जरूरी है। धरना-प्रदर्शन और राजनीतिक हथकंडों से जनादेश को चुनौती नहीं दी जा सकती।
उन्होंने कहा कि भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उसकी समस्याओं को दूर करने के लिए काम करते हैं। श्री शाह ने श्री केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री चुनाव हारने के बाद पंजाब में डेरा जमाये हुए हैं और वहां के मुख्यमंत्री को काम नहीं करने दे रहे हैं। उन्होंने पंजाब में नशे के कारोबार को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि आगामी चुनाव में पंजाब की जनता भाजपा को सत्ता में लाने का फैसला कर चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा 2029 तक पंजाब से नशे के कारोबार को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली की पिछली सरकार ने आंदोलन के नाम पर सत्ता हासिल की, लेकिन यमुना की सफाई और बुनियादी नागरिक सुविधाओं के लिए पर्याप्त काम नहीं किया। यमुना के पुनरुद्धार का उल्लेख करते हुए श्री शाह ने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने नदी को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया था। उन्होंने दावा किया कि योजना का 40 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है और केंद्र के साथ दिल्ली, हरियाणा तथा उत्तर प्रदेश की सरकारों ने यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए समयबद्ध रोडमैप तैयार किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि मई 2029 से पहले यमुना को निर्मल बनाने का लक्ष्य हासिल कर लिया जायेगा।