नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखकर वर्ग-2 और वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाने तथा दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग की है।
श्री गांधी ने 29 सितंबर को श्री यादव को लिखा पत्र सोमवार को जारी किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के दौरान शिक्षक अभ्यर्थियों ने वर्ग-2 और वर्ग-3 की भर्ती में पदवृद्धि का मुद्दा उठाया था। उन्होंने लिखा कि मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पहले से ही एक लाख से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं, जिसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। इसके बावजूद शिक्षक भर्ती-2025 में वर्ग-3 के केवल 13,089 और वर्ग-2 के केवल 10,800 पदों पर भर्ती निकाली गई है।
श्री गांधी ने कहा कि युवा अभ्यर्थियों की मांग है कि शिक्षक भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई जाये, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके और हजारों युवाओं को पक्की नौकरी मिल सके। कई अभ्यर्थियों ने परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किये हैं और कई अतिथि शिक्षक के रूप में पढ़ा रहे हैं, लेकिन सीमित पदों के कारण वे स्थायी नौकरी से वंचित हैं और इंतजार करते-करते कई अभ्यर्थी आयु सीमा के करीब पहुंच गये हैं।
उन्होंने कहा कि अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए शिक्षक अभ्यर्थी आंदोलन और भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय सरकार उन्हें नोटिस भेजकर डराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को भेजे गये नोटिस तुरंत वापस लिये जायें और उनके प्रतिनिधियों से मिलकर उनकी बात सुनी जाये। उन्होंने वर्ग-2 एवं वर्ग-3 शिक्षक भर्ती में पदवृद्धि करने तथा दूसरे चरण की काउंसलिंग जल्द शुरू करने की मांग की।