Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0  पीएम मोदी ने दिल्ली में एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया
0 मीटिंग में पाकिस्तानी मंत्री भी मौजूद
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार शाम दिल्ली के पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि जब दुनिया में युद्ध और अशांति पर चर्चा हो रही है, तब भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया इस समय उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सांस्कृतिक जुड़ाव और सहयोग से शांति का रास्ता मजबूत हो सकता है। कार्यक्रम में शामिल पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस फोरम के बाद भारत-पाकिस्तान समेत सभी देशों के रिश्ते बेहतर होंगे।

ट्रेड रूट्स ने भारत, चीन और मध्य एशिया को जोड़ा
पीएम ने कहा- आज दुनिया में पीपल-टू-पीपल कनेक्ट की चर्चा होती है। करीब 5 हजार साल पहले सिंधु घाटी और मेसोपोटामिया के बीच व्यापार होता था। भारत, चीन और मध्य एशिया ट्रेड रूट्स से जुड़े थे। नालंदा जैसे विश्वविद्यालय ज्ञान के आदान-प्रदान के केंद्र बने।

डिजिटल माध्यमों से सांस्कृतिक जुड़ाव बढ़ाने के मौके
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के महान गणितज्ञ ब्रह्मगुप्त के विचार विदेशों तक पहुंचे और सूफी परंपरा ने भारत में कव्वाली को विकसित किया देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान की यह प्रक्रिया आज भी जारी रहनी चाहिए। ऐसे में एससीओ जैसे मंचों की भूमिका अहम हो जाती है। पीएम ने कहा कि डिजिटल माध्यमों ने सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं। अब अलग-अलग देशों के लोग कुछ ही मिनटों में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। एससीओ देशों को इन संभावनाओं का लाभ उठाना चाहिए।

सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग से देशों के रिश्ते मजबूत होंगे
पीएम मोदी ने कहा कि एससीओ ने कुछ महीने पहले ही अपनी स्थापना के 25 साल पूरे किए हैं। ऐसे में सांस्कृतिक और सभ्यतागत सहयोग सदस्य देशों के संबंधों को और मजबूती देगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस फोरम के जरिए एक नई परंपरा की शुरुआत होगी और इसे ऐतिहासिक बनाया जाएगा। पीएम मोदी ने दिल्ली के पुराना किला का जिक्र करते हुए कहा कि यह भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है और इसका इतिहास महाभारत काल तक जाता है। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर आयोजित कार्यक्रम में बौद्ध दर्शन की प्रस्तुति और हनुमान जी की यात्रा के जरिए प्रेम और एकता का संदेश दिया गया। पीएम मोदी ने कहा कि प्रेम और एकता की ये शिक्षाएं जितनी प्राचीन हैं, उतनी ही सार्वभौमिक भी हैं। ये लोगों को सहज ही एक-दूसरे से जोड़ती हैं और आज के समय की मांग भी हैं।

पाक मंत्री बोले- संवाद से एक-दूसरे के विचार को समझेंगे
पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने कहा कि संस्कृति की भूमिका सिर्फ दो देशों के बीच नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए अहम है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के विचारों और रहन-सहन को समझे बिना आगे बढ़ना संभव नहीं है। आपसी संवाद से ही एक-दूसरे का नजरिया समझने और पूरे क्षेत्र को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।

पीएम मोदी ने 2025 में रखा था फोरम का प्रस्ताव
यह तीन दिवसीय कार्यक्रम बहुपक्षीय एससीओ आयोजन है। इसमें अलग-अलग देशों के विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस फोरम का प्रस्ताव प्रधानमंत्री मोदी ने 2025 में तियानजिन में हुए एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान रखा था। बिश्केक घोषणा में भी इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया था।

पुराना किला में दो प्रदर्शनियां भी लगाई गईं
20 से 22 नवंबर तक चलने वाले एससीओ फोरम में पाकिस्तान समेत कई देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद यह पहली बार है, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है। एससीओ फोरम के दौरान पुराना किला में भारत की सभ्यतागत विरासत और संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनियां भी लगाई गई हैं।
प्रधानमंत्री ने उद्घाटन से पहले पुराना किला में दो प्रदर्शनियां देखीं। इनमें पहली प्रदर्शनी ‘महाभारत स्क्रॉल पवेलियन- अनंत: 18वीं सदी की दुर्लभ महाभारत पांडुलिपि’ पर आधारित है।
दूसरी प्रदर्शनी ‘अस्तित्व: द एसेंस ऑफ अवर एग्जिस्टेंस’ में दिल्ली के इतिहास को दिखाया गया है। इसमें 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के इतिहास को शामिल किया गया है।