Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 चीन सबसे ज्यादा सोना रखने वाला 5वां देश, उसके पास अब 2410 टन गोल्ड
बीजिंग/नई दिल्ली। चीन दुनिया का 5वां सबसे ज्यादा सोना रखने वाला देश बन गया है। चीन ने रूस को पीछे छोड़ दिया है और उससे आगे अब सिर्फ अमेरिका, जर्मनी, इटली और फ्रांस है।

फाइनेंशियल प्लेटफॉर्म 'द कोबेसी लेटर' के मुताबिक, चीन के पास अब सोने का 2,410 टन रिजर्व हो गया है और वह दुनिया के टॉप-3 देशों में शामिल होने से बस थोड़ा ही दूर है।फ्रांस के पास 2,437 टन और इटली के पास 2,452 टन सोना है। यानी चीन फ्रांस से सिर्फ 27 टन और इटली से 42 टन पीछे है। वहीं भारत इस लिस्ट में 8वें नंबर पर है और चीन से करीब 3 गुना कम गोल्ड है।

चीन इस साल अंत तक तीसरे नंबर पर पहुंच सकता है
चीन का केंद्रीय बैंक यानी पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना लगातार सोना खरीद रहा है। अगर यह खरीदारी लगातार रहती है तो इस साल के अंत तक वह फ्रांस और इटली को भी पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगा।

सितंबर में 23 टन सोना खरीदा, लगतार 23 महीने से खरीदारी
चीन पिछले 23 महीनों से लगातार सोना खरीद रहा है। इस साल सिर्फ सितंबर महीने में चीन ने 23 टन से ज्यादा सोना खरीदा, जो पिछले एक साल में किसी भी एक महीने की सबसे बड़ी खरीदारी है। इससे पहले जुलाई और अगस्त में भी उसने हर महीने 20-20 टन से ज्यादा सोना अपने खजाने में जमा किया था। इस पूरे साल में सितंबर तक चीन ने कुल 103 टन से भी ज्यादा सोना खरीदा है।

अमेरिका के पास सबसे ज्यादा गोल्ड रिजर्व
दुनिया में अमेरिका के पास सबसे ज्यादा गोल्ड रिजर्व (8133 टन) है। इसके बाद दूसरे नंबर पर जर्मनी (3351 टन), तीसरे नंबर पर इटली (2452 टन), चौथे नंबर पर (2437 टन), पांचवें नंबर पर चीन (2410 टन), छठे नंबर पर रूस (2305 टन), सातवें नंबर पर स्वीट्जरलैंड (1040 टन), आठवें नंबर पर भारत (881 टन), नौवें नंबर पर जापान (846 टन) व दसवें नंबर पर नीदरलैंड्स के पास (613 टन) गोल्ड रिजर्व हैं। 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 4,200 डॉलर प्रति औंस के पार
दुनियाभर के बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों में एक बार फिर उछाल देखने को मिल रहा है। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना बढ़कर लगभग 4,207 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है, वहीं चांदी भी महंगी होकर 61.12 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही है।

सोने के दाम बढ़ने की दो मुख्य कारण
सोने के दाम बढ़ने की दो मुख्य कारण हैं। पहला, कच्चे तेल की कीमतें कम होने से महंगाई की चिंता थोड़ी घटी है। दूसरा निवेशकों को उम्मीद है कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक अब ब्याज दरों में बढ़ोतरी रोक सकता है, जिससे लोग एक बार फिर सुरक्षा के लिहाज से सोने में जमकर निवेश कर रहे हैं।