Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

 नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से बाहर किए गए 13.3 करोड़ भारतीयों को घुसपैठिया घोषित करना भारतीयता का अपमान करार दिया है।

श्री खरगे ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले के बावजूद जंतर-मंतर को विरोध प्रदर्शन के निर्धारित स्थल से हटाना विरोध करने के अधिकार की चोरी है। उन्होंने कहा कि पहले वोट चोरी और अब विरोध करने के अधिकार की चोरी भाजपा की तानाशाही का प्रमाण है।

इससे पहले कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने गृहमंत्री अमित शाह से कहा कि उन्हें एसआईआर के तहत पकड़े गए घुसपैठियों की संख्या, मतदाता सूची से हटाए गए घुसपैठियों की संख्या और देश से निर्वासित किए गए घुसपैठियों की संख्या बतानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के 100 करोड़ लोगों को एसआईआर प्रक्रिया से गुजरना पड़ा है और उन्हें इसके नतीजे जानने का अधिकार है। उनका कहना था कि एसआईआर का बचाव करने वाले गृह मंत्री बताएं कि कितने घुसपैठियों का पता लगाया गया, कितने लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए और कितने घुसपैठियों को देश से निर्वासित किया गया।
श्री रमेश ने आरोप लगाया कि एसआईआर के पीछे के सूत्रधार बार-बार घुसपैठियों का मुद्दा उठाकर करीब 14 करोड़ भारतीयों को उनके संवैधानिक मताधिकार से वंचित किए जाने के मुद्दे से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री को बताना चाहिए कि क्या मतदाता सूची से हटाए गए 14 करोड़ भारतीय घुसपैठिये हैं और क्या उनके कार्यकाल में घुसपैठियों की संख्या में इतनी बड़ी वृद्धि हुई है।