Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई के जुहू में बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग की जांच मुंबई अपराध शाखा को सौंप दी है। अब तक इस मामले की जांच जुहू पुलिस कर रही थी।  उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार व एकनाथ शिंदे ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए भरोसा दिलाया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

पुलिस ने घटना के संबंध में मामला भी दर्ज किया था। हमले की गंभीरता और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े कई मामलों की जांच करने के अपराध शाखा के अनुभव को देखते हुए इस मामले की जांच बड़े स्तर पर कराने का फैसला लिया गया है। मुंबई पुलिस ने फायरिंग के बाद रात भर हमलावरों की तलाश की। तीन अज्ञात हमलावरों की पहचान करना और उन्हें पकड़ना जांचकर्ताओं के लिए एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।

अपराध शाखा इस बात की भी जांच करेगी कि क्या हमलावरों का बिश्नोई गैंग से कोई संबंध है। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा शस्त्र अधिनियम के तहत तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने में जुटी है। यह घटना जुहू में हुई जहां अज्ञात हमलावरों ने श्रॉफ की कार पर फायरिंग कर दी। उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए नानावटी अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

ड्राइवर के घायल होने के बाद अभिनेता श्राफ ने खुद गाड़ी चलाई। डॉक्टरों के अनुसार, फिरदौस अब खतरे से बाहर हैं। जांचकर्ता हमले से जुड़ी परिस्थितियों की पड़ताल कर रहे हैं। फायरिंग के पीछे का मकसद और हमलावरों की पहचान अभी तक आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं हो पाई है। 

tranding