0 रायपुर में शराब घोटाले में अनवर ढेबर के घर दबिश
0 कोरबा में नपा अध्यक्ष के यहां छापा
रायपुर/दुर्ग/बिलासपुर/राजनांदगांव/कोरबा/गरियाबंद। छत्तीसगढ़ में शराब, कोल और डीएमएफ घोटालों की जांच के सिलसिले में ईडी, ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम ने शुक्रवार को रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद और कोरबा में एकछापेमारी की हैं। 6 जिलों के कुल 16 ठिकानों पर कारोबारियों और अन्य लोगों के घरों और दफ्तरों पर कार्रवाई जारी है।
रायपुर में ईडी की टीम शराब घोटाले के मामले में अनवर ढेबर के घर जांच कर रही है। वहीं, ईओडब्ल्यू की टीम वीआईपी स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर दस्तावेज खंगाल रही है। राजनांदगांव में कारोबारी वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर भी जांच जारी है। दुर्ग जिले के भिलाई में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर ईओडब्ल्यू-एसीबी की टीम कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उनके साले संतोष सिंह के ऑयल और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े मामले में है।
बिलासपुर में कोल कारोबारी शाजिद खान के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू निवास पर एसीबी-ईओडब्ल्यू की टीम जांच कर रही है। गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा और राजिम में कारोबारी विमल पारख और राजा पारख के प्रतिष्ठानों शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स के साथ राजा पारख के निवास पर भी कार्रवाई जारी है। वहीं, कोरबा जिले के कटघोरा में डीएमएफ घोटाले की जांच के सिलसिले में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकानों पर ईओडब्ल्यू की टीमें दस्तावेजों की जांच और पूछताछ कर रही हैं।
रायपुर में अनवर ढेबर और सुदर्शन शर्मा के घर जांच
रायपुर में ईओडब्ल्यू की टीम ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के घर छापा मारा। वहीं, वीआईपी स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर भी टीम पहुंची है। यहां दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। रायपुर में तीन से चार जगहों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
राजनांदगांव में वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर रेड
राजनांदगांव में रायपुर से पहुंची करीब 20 अधिकारियों की टीम ने दो कारोबारियों के घर और व्यावसायिक परिसरों में एक साथ दबिश दी। ईओडब्ल्यू की एक टीम ने सनसिटी के बी-ब्लॉक स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के मकान में छापा मारा। दूसरी टीम ने लालबाग में कारोबारी जय बग्गा के घर और व्यावसायिक परिसर में जांच शुरू की। दोनों को पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा का करीबी बताया जा रहा है। टीम दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और मोबाइल-लैपटॉप जैसे डिजिटल डिवाइस खंगाल रही है।
भिलाई में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर छापा
भिलाई-3 के वसुंधरा नगर में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर सुबह करीब 8 बजे ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम पहुंची। कार्रवाई उनके साले संतोष सिंह को लेकर हो रही है, जो इसी घर में रहते हैं और ऑयल और ट्रांसपोर्ट का कारोबार संभालते हैं।
बिलासपुर में कोल कारोबारी शाजिद खान के घर दबिश
बिलासपुर के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू में कोल कारोबारी शाहबाज खान के घर पर ईओडब्ल्यू और एसीबी की टीम ने छापा मारा। कोल लेवी स्कैम से जुड़े मामले में उनके घर और अन्य ठिकानों पर जांच की जा रही है। टीमों की ओर से अभी तक कार्रवाई में मिली सामग्री या दस्तावेजों को लेकर आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।
गरियाबंद में कारोबारी-ज्वेलर्स के ठिकानों पर जांच
गोबरा नवापारा और राजिम में ईओडब्ल्यू-एसीबी की संयुक्त टीम ने कोल लेवी स्कैम की जांच के तहत कारोबारी विमल पारख और राजा पारख के प्रतिष्ठानों शांति विजय, नवकार ज्वेलर्स और राजा पारख के घर पर छापा मारा।
कोरबा में डीएमएफ मामले में नगर पालिका अध्यक्ष के घर रेड
कोरबा जिले के कटघोरा में ईओडब्ल्यू ने गुरुवार सुबह डीएमएफ घोटाले की जांच के सिलसिले में दो ठिकानों पर एक साथ छापा मारा। टीम ने नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के घर दबिश दी है। दोनों जगह दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई के कारणों पर ईओडब्ल्यू की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।