0 अल्फाबेट की वैल्यू 395.19 लाख करोड़ पहुंचाई
0 दुनिया की 200 बड़ी कंपनियां चला रहे भारतीय
सैनफ्रांसिस्को/सिएटल। रिसर्च फर्म हुरुन ने आज 2026 की दुनियाभर में भारतीय लीडर्स की ग्लोबल लिस्ट जारी की है। लिस्ट में गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के सीईसी सुंदर पिचाई माइक्रोसॉफ्ट के सत्य नडेला को पीछे छोड़कर पहले नंबर पर पहुंच गए हैं, जबकि माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा तीसरे स्थान पर हैं।
गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने माइक्रोसॉफ्ट को पीछे छोड़कर नंबर-1 की कुर्सी हासिल कर ली है। 2024 के बाद से अल्फाबेट की मार्केट वैल्यू दोगुनी यानी 98% बढ़ गई है, जबकि माइक्रोसॉफ्ट की वैल्यू 17% गिर गई है। इसी वजह से सुंदर पिचाई आगे निकल गए हैं।
माइक्रोन टेक्नोलॉजी की वैल्यू 1174% बढ़ी
सबसे चौंकाने वाली रफ्तार संजय मेहरोत्रा की कंपनी माइक्रोन टेक्नोलॉजी ने दिखाई। एआई चिप्स की मांग के चलते इसकी वैल्यू 1,174% बढ़कर 131.65 लाख करोड़ रुपए हो गई है। इस टॉप-5 लिस्ट में यूट्यूब के नील मोहन और गूगल क्लाउड के थॉमस कुरियन भी शामिल हैं। इन शुरुआती 5 कंपनियों की कुल वैल्यू करीब 855.82 लाख करोड़ रुपए है।
दुनिया की 200 बड़ी कंपनियां संभाल रहे 236 भारतीय लीडर
हुरुन के मुताबिक, दुनियाभर की 200 बड़ी कंपनियों की कमान 236 भारतीय लीडर्स संभाल रहे हैं। ये 200 कंपनियां दुनियाभर में 53 लाख लोगों को रोजगार दे रही हैं। इनकी कुल वैल्यू 15 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 1410.73 लाख करोड़ रुपए पहुंच गई है, जो 2024 से 53% ज्यादा है।
103 कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ीं
इस बार पहली बार एआई को एक अलग इंडस्ट्री के तौर पर लिस्ट में शामिल किया गया है। इसमें 18 कंपनियां हैं, जिनकी कुल वैल्यू करीब 21.35 लाख करोड़ रुपए है। हालांकि, ओवरऑल देखें तो लिस्ट की 200 में से 103 कंपनियां एआई-ड्रिवन या एआई-इंटीग्रेटेड हैं, जिनकी वैल्यू करीब 1006.18 लाख करोड़ रुपए है। स्टार्टअप्स की दुनिया में भी एआई ही छाया हुआ है। 60 बिलियन डॉलर की कीमत के साथ 'कर्सर' इस लिस्ट का सबसे कीमती स्टार्टअप बनकर उभरा है। खास बात यह है कि टॉप-10 सबसे वैल्यूएबल स्टार्टअप्स में से 7 कंपनियां एआई से जुड़ी हैं और इन सभी के हेडक्वार्टर अमेरिका में हैं।
भारतीय मूल के सबसे ज्यादा 177 लीडर अमेरिका में
विदेशों में बड़ी कंपनियां चला रहे भारतीय मूल के ज्यादातर लीडर्स अमेरिका में रहते हैं। यहां 177 लीडर्स हैं, जिनमें से 91 सिर्फ कैलिफोर्निया राज्य में और 40 सैन फ्रांसिस्को शहर में रहते हैं। डंगोटे ग्रुप के एमडी अरविंद पाठक की वजह से इस बार अफ्रीका भी पहली बार इस लिस्ट से जुड़ा है, जिससे दुनिया के 5 महाद्वीपों में भारतीय मूल के लीडर्स की मौजूदगी दर्ज हो गई है।