Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 एससीओ के कार्यक्रम में शामिल होंगे, आखिरी बार बिलावल भुट्टो 2023 में आए थे
नई दिल्ली। पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक अगले सप्ताह भारत आएंगे। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के एक कार्यक्रम में शामिल होंगे।

भारत ने पाकिस्तान को एससीओ का सदस्य होने के नाते कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया था। इसके लिए पिछले महीने पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खिची को आमंत्रित किया गया था। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार होगा जब पाकिस्तानी मंत्री भारत आएंगे। इससे पहले मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी एससीओ की बैठक में शामिल होने गोवा आए थे।

भारत की पहल पर पहला कार्यक्रम
एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम (सभ्यता संवाद कार्यक्रम) का पहला सत्र इस महीने के आखिर में नई दिल्ली में होगा। यह पहल पूरे यूरेशिया में सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए भारत ने शुरू की है। भारत ने एससीओ के सभी 10 सदस्य देशों को सभ्यता संवाद कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा था कि भारत इस कार्यक्रम में सभी सदस्य देशों की मेजबानी करने के लिए तैयार है। नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक होने वाली इस समिट में अलग सभ्यताओं, संस्कृतियों के बीच बातचीत और आपसी संपर्क बढ़ाने पर चर्चा होगी। इस कार्यक्रम की घोषणा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में की थी। उस समय वे एससीओ की बैठक में शामिल होने पहुंचे थे।