Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 फिदायीन मजीद ब्रिगेड को ट्रेनिंग दी
0 2025 में पाकिस्तान ने कहा था- हमले में मारा गया
क्वेटा। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पाकिस्तानी सेना के पूर्व कैप्टन रहमान गुल को अपना नया कमांडर इन-चीफ नियुक्त किया है। बीएलए ने शनिवार को यह जानकारी दी। रहमान गुल ने 8 साल तक पाकिस्तानी सेना में नौकरी की थी। इसके बाद बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना की बर्बरता देखने के बाद उसने बगावत की।

2010 में वह बीएलए में शामिल हुआ। फिदायीन हमले करने वाली मजीद ब्रिगेड को ट्रेनिंग देने में रहमान की अहम भूमिका है। 2025 को पाकिस्तानी मीडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि वह अफगानिस्तान के हेलमंद में मारा गया।

पेशावर यूनिवर्सिटी से पढ़ाई के बाद पाकिस्तानी सेना जॉइन की थी
रहमान गुल को उस्ताद मुरीद और मुरीद बलोच के नाम से भी जाना जाता है। जन्म 14 अगस्त 1984 को पाकिस्तान के बलूचिस्तान के नोशकी इलाके में हुआ था। वह मेंगल समुदाय के एक प्रभावशाली परिवार से आता है। उसने शुरुआती पढ़ाई नोशकी में की और आगे की पढ़ाई के लिए क्वेटा गया। इसके बाद पेशावर यूनिवर्सिटी से बीए की डिग्री हासिल की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उसने पाकिस्तानी सेना जॉइन कर ली। साल 2002 में वह सेना में भर्ती हुआ था। उसने काकुल स्थित पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी में दो साल की ट्रेनिंग ली। इसके बाद उसे 19वीं फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट में तैनात किया गया था।

पाकिस्तान सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम रखा था
रहमान गुल का नाम पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (एफआईए) की वांटेड लिस्ट में भी शामिल है। एजेंसी के दस्तावेज में उसे कैप्टन रहमान गुल उर्फ उस्ताद मुरीद के नाम से दर्ज किया गया है। उसकी जानकारी देने वाले के लिए 10 लाख पाकिस्तानी रुपए तक के इनाम का जिक्र है। उसके खिलाफ कई एफआईआर भी दर्ज हैं।

चीनी इंजीनियरों पर हमले के मामले में भी शामिल
6 अक्टूबर 2024 को पाकिस्तान के कराची में चीनी नागरिकों के काफिले पर आत्मघाती हमला हुआ था। इस हमले में 3 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 2 चीनी इंजीनियर शामिल थे। जेम्सटाउन फाउंडेशन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हमले की जांच के दौरान पाकिस्तानी एजेंसियों ने रहमान गुल का नाम भी एफआईआर में दर्ज किया था।

रहमान गुल का चीफ बनना बीएलए की बड़ी रणनीतिक चाल
रहमान गुल को कमांडर इन-चीफ बनाना बीएलए की बड़ी रणनीतिक चाल माना जा रहा है। सुरक्षा मामलों के जानकारों के मुताबिक पाकिस्तानी सेना में काम करने का उनका अनुभव संगठन के लिए फायदेमंद हो सकता है। उन्हें सेना की रणनीति, काम करने के तरीके और जवाबी कार्रवाई से जुड़ी जानकारी है। ऐसे में बीएलए इस अनुभव का इस्तेमाल पाकिस्तान के खिलाफ कर सकती है।