Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

अहमदाबाद। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को साबरमती आश्रम के अपने दौरे के अनुभव और अनुभूति को आगंतुक पुस्तिका में लिखा कि, ‘साबरमती के संत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की इस पवित्र तपस्थली पर आकर मुझ में अवर्णनीय श्रद्धा और प्रेरणा का संचार हुआ है।’

श्रीमती मुर्मू ने आगंतुक पुस्तिका में लिखा कि लंबे समय तक स्वाधीनता संग्राम का केंद्र रहे इस परिसर में मुझे गहन शांति का अनुभव हो रहा है। इस परिसर में पूज्य बापू के असाधारण जीवन वृत्त की अनमोल धरोहरों को सराहनीय ढंग से संजोकर रखा गया है। इसके लिए मैं साबरमती आश्रम के रख रखाव से जुड़े सभी लोगों के प्रति अपनी प्रशंसा अभिव्यक्त करती हूं।

राष्ट्रपति पद का कार्यभार संभालने के बाद आज पहली बार गुजरात के दौरे पर आईं श्रीमती मुर्मू ने अपने दौरे का आरंभ अहमदाबाद में गांधी आश्रम जाकर किया। राष्ट्रपति ने भारत के स्वाधीनता संग्राम के केंद्र और महात्मा गांधी की कर्मभूमि साबरमती आश्रम की भूमि में गांधी वंदना कर धन्यता का अनुभव किया।
उन्होंने साबरमती आश्रम पहुंचकर सबसे पहले आश्रम परिसर में स्थित गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। राष्ट्रपति के गांधी आश्रम के इस दौरे के दौरान राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उनके साथ मौजूद रहे।

श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने महात्मा गांधी के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष को दर्शाने वाली आर्काइव प्रदर्शनी को देखने के साथ ही बृहद आश्रम रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के मॉडल को देख उस संबंध में जानकारी हासिल की। वह महात्मा गांधी के निवास स्थान ‘हृदय कुंज’ गईं और गांधी जी के चित्र को सूत की माला पहनाकर वंदना की। उन्होंने गांधी आश्रम में चरखा भी चलाया और साबरमती आश्रम के अपने दौरे के अनुभव और अनुभूति को आगंतुक पुस्तिका में दर्ज किया।

साबरमती आश्रम ट्रस्ट के अग्रणी अमृतभाई मोदी, नितिन शुक्ल, जयेश पटेल तथा अतुल पंड्या ने राष्ट्रपति को गांधी आश्रम और रिडेवलपमेंट प्रोजेक्ट के संबंध में जानकारी दी। राष्ट्रपति के गांधी आश्रम के दौरे के समय मुख्य सचिव पंकज कुमार, अहमदाबाद जिला कलक्टर संदीप सागले, पुलिस आयुक्त संजय श्रीवास्तव आदि उपस्थित थे।