
0 मंगलवार को यूपी के सैफई रवाना होंगे
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल मंगलवार को उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव की अन्त्येष्टि में शामिल होने उनके पैतृक गांव सैफई जाएंगे। मुख्यमंत्री मंगलवार सुबह 10 बजे के बाद लखनऊ के लिये रवाना हो जाएंगे। मुलायम सिंह का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया।
मुलायम सिंह यादव ने सोमवार को सुबह 8.16 बजे अंतिम सांस ली। कवर्धा रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने शोक संदेश में कहा कि समाजवादी नेता और उत्तर प्रदेश के धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव ‘नेता जी‘ के निधन का समाचार भारतीय लोकतांत्रिक नींव के एक पत्थर के ढह जाने जैसा है। यूपी के मुख्यमंत्री, केन्द्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने जनता की सेवा की। वे आजीवन साम्प्रदायिकता के खिलाफ खड़े रहे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने श्री मुलायम सिंह यादव के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। वे एक ऐसे नेता थे जो जमीन से जुड़े हुए थे। आम जनता से जुड़कर वे राजनीति करते थे और कड़े फैसले लेने में उन्होंने कभी पीछे नहीं हटे। ऐसे राजनेता के जाने से भारतीय राजनीति को अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की ओर से उन्हें श्रद्धांजली दी। बाद में तय हुआ कि मुख्यमंत्री को मुलायम सिंह यादव की अन्त्येष्टि में जाना है। उसके बाद मुख्यमंत्री के भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में बदलाव किया गया।
भाजपा नेताओं ने भी जताया शोक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने श्रद्धांजली अर्पित करते हुए कहा है कि मुलायम सिंह समर्पित जन नेता थे। वे स्पष्ट सोच व्यक्त करने वाले नेता के रूप में स्थापित रहे। मुलायम सिंह यादव समाजवादी राजनीति के मजबूत राजनेता थे। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, मुलायम सिंह यादव कुशल राजनीतिक संगठक थे। उन्होंने अपनी संगठन क्षमता के बूते राजनीतिक दल की स्थापना की और मुख्यमंत्री बने। मुलायम सिंह यादव का निधन समाजवादी विचारधारा की गहरी क्षति है।