Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

मुंबई। शेयर बाजार ने हफ्ते के पांचवें और आखिरी कारोबारी दिन, यानी शुक्रवार (25 नवंबर) को नए रिकॉर्ड्स कायम किए। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 62,447 का नया ऑल टाइम हाई बनाया। इसके बाद सेंसेक्स 20 अंकों की तेजी के साथ 62,293 के स्तर पर बंद हुआ। यह सेंसेक्स का ऑल टाइम क्लोजिंग हाई और 52-वीक हाई भी है। सेंसेक्स के 30 में से 15 शेयरों में तेजी देखने को मिली। वहीं 15 शेयरों में गिरावट रही।

निफ्टी ने नया क्लोजिंग और 52-वीक हाई बनाया
निफ्टी ने भी 52 हफ्तों का नया हाई और क्लोजिंग हाई बनाया है। निफ्टी 28 अंक बढ़कर 18,512 के स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान ये 18,534.90 के स्तर पर पहुंचा था। इससे पहले निफ्टी का 52-वीक हाई 18,529 और क्लोजिंग हाई 18,484 था, जो उसने एक दिन पहले 24 नवंबर को बनाया था। वहीं निफ्टी का ऑल टाइम हाई 18,604 है, जो उसने 19 अक्टूबर 2021 को बनाया था।

100 पॉइंट से शुरू हुआ था सेंसेक्स
1986 में जब सेंसेक्स की शुरुआत हुई तो इसका बेस ईयर 1978-79 को रखा गया और बेस 100 पॉइंट बनाया गया। जुलाई 1990 में ये आंकड़ा 1000 पॉइंट पर पहुंच गया। 1991 के आर्थिक उदारीकरण के बाद सरकार ने FDI के दरवाजे खोले और बिजनेस करने के कानून में बदलाव किया। इसने सेंसेक्स में गति बढ़ाई। आज ये 62,000 को पार कर गया है।

एचडीएफसी लाइफ और टाटा मोटर्स टॉप गेनर
एचडीएफसी लाइफ, टाटा मोटर्स, हीरो मोटोकॉर्प, कोल इंडिया, रिलायंस, डिविस लैब, आयशर मोटर्स, विप्रो, एक्सिस बैंक, सिप्ला समेत समेत 28 शेयर्स निफ्टी के गेनर रहे। आईसीआईसीआई बैंक, नेस्ले इंडिया, कोटक बैंक, टाइटन, ब्रिटानिया, टाटा कंज्यूमर, अपोलो हॉस्पिटल समेत 21 शेयर्स निफ्टी के लूजर्स रहे। वहीं एक शेयर में कोई बदलाव नहीं हुआ।

मीडिया सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.52% की तेजी
एनएसई के 11 सेक्टोरल इंडेक्स में से 8 में तेजी रही। मीडिया सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.52% की तेजी देखने को मिली। रियल्टी सेक्टर में 1.17% की बढ़त दिखी। इन दोनों के अलावा ऑटो, IT, मेटल, फार्मा, PSU बैंक और प्राइवेट बैंक सेक्टर में भी तेजी रही। वहीं बैंक, फाइनेंशियल सर्विसेज और FMCG सेक्टर में गिरावट देखने को मिली।