Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 बोरतलाब चेक पाइंट पर तैनात थे दोनों
0 सुबह 8 बजे जंगल से आए नक्सलियों ने फायरिंग कर हत्या कर दी

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सोमवार सुबह नक्सलियों ने ड्यूटी में तैनात जवानों पर हमला दिया। अचानक हुई फायरिंग में दोनों जवान की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों चेक पॉइंट पर ड्यूटी कर रहे थे। तभी नक्सलियों ने हमला कर दिया। घटना के बाद नक्सली भाग निकले हैं। इसके अलावा नक्सलियों ने जवानों की बाइक को भी जला दिया है। मामला राजनांदगांव जिले के बोरतलाब थाना क्षेत्र का है।

यह घटना सुबह 8 बजे के आसपास की बताई जा रही है। बताया गया है कि जवान मोबाइल चेक पोस्ट पर तैनात थे। इसी बीच नक्सली अचानक से जंगल की तरफ से आए। इसके बाद उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दी। इस दौरान जवानों को जवाब देने का भी मौका नहीं मिला। हमले में हवलदार राजेश और आरक्षक ललित की मौत हो गई। ललित सम्रत सीएएफ में पदस्थ थे, जो दंतेवाड़ा जिले के रहने वाले थे। वहीं राजेश जिला बल में पदस्थ थे।

बोरतलाब में पहले भी नक्सलियों की मौजूदगी की खबर सामने आ चुकी है। यहां पहले भी नक्सली इस तरह की हरकत कर चुके हैं। इसी वजह से जवान छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर बोरतलाब इलाके में ड्यूटी कर रहे थे। यह इलाका छत्तीसगढ़ को महाराष्ट्र के गोंदिया इलाके से जोड़ता है। फिलहाल घटना के संबंध में अब तक अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। घटना की पुष्टि डीएसपी नक्सल ऑपरेशन अजीत ओगरे ने की है।

हादसे के बाद आस-पास के लोगों ने ही पुलिस के सीनियर अधिकारियों को इस बात की सूचना दी थी। सूचना मिलने पर दूसरे जवान भी मौके पर पहुंचे हुए हैं। आसपास के इलाकों में भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

घटना पर सीएम बघेल ने जताया दुख
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सली हिंसा में दो जवानों की शहादत पर दुख जताया है। बघेल ने शहीदों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा है कि पुलिस जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।  

बीजापुर में कुल्हाड़ी मारकर जवान की हत्या
वहीं बीजापुर जिले में एक जवान की हत्या कर दी गई है। उस पर कुल्हाड़ी से अज्ञात लोगों ने कई वार किए हैं। जिसके चलते उसकी जान गई है। लोगों को खून से लथपथ उसकी लाश मिली। जिसके बाद यह मामला सामने आया है। बताया गया है कि वह भाई की शादी में शामिल होने आए थे। इसी दौरान किसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। मामला भैरमगढ थाना क्षेत्र का है।