
0 सड़क निर्माण कार्य में ड्यूटी के लिए जा रहे थे, तभी हुआ धमाका
बीजापुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में आईईडी की चपेट में आने से एक जवान शहीद हो गया है। सुरक्षाबल सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा ड्यूटी के लिए जा रहे थे। उसी दौरान ये घटना घटी है। इस घटना के बाद से इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। मामला मिरतुर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक सीएएफ ( छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स) कैंप एटेपाल और सीएएफ कैंप तिमेनार के बीच सड़क निर्माण का काम चल रहा है। इसी वजह से सुरक्षा प्रदान करने के लिए तिमेनार कैंप से जवानों की टुकड़ी सोमवार सुबह करीब 8 बजे के आस-पास निकली थी। बताया जा रहा है कि जवान अभी एटेपाल कैंप से 1 किमी दूर पहुंचे थे। इसी दौरान सड़क से लगी टेकरी में आईईडी ब्लास्ट हुआ। जिसकी चपेट में 19वी वाहिनी डी कंपनी तिमेनार के एपीसी विजय यादव (सहायक प्लाटून कमांडर) आ गए।
घटना में मौके पर ही विजय यादव की मौत हो गई। आस-पास मौजूद जवानों ने इसकी जानकारी तुरंत सीनियर अधिकारियों को दी। जिसके बाद से आस-पास सर्च ऑपरेशन जारी है। शव को भी मौके से ले जाया गया है। शहीद विजय यादव को भैरमगढ़ थाने में गॉर्ड ऑफ़ ऑनर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुःख प्रकट किया
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में प्रेशर आईईडी की चपेट में आने पर छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के असिस्टेंट प्लाटून कमांडर विजय यादव की शहादत पर गहरा दुःख प्रकट किया है। उन्होंने इस घटना को दुःखद बताते हुए नक्सलियों की इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा की है। मुख्यमंत्री ने शहीद श्री यादव के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।