Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 'भरोसे का सम्मेलन' में प्रियंका गांधी ने छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर तारीफ

0  कहा, नेहरू जी और इंदिरा जी के दिल में था बस्तर के लोगों के लिए विशेष सम्मान

जगदलपुर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने गुरुवार को जगदलपुर में आयोजित भरोसे का सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने बस्तर से अपनी दादी इंदिरा गांधी के साथ-साथ पं. जवाहरलाल नेहरू, राजीव गांधी, सोनिया गांधी और राहुल गांधी का रिश्ता जोड़ा। उन्होंने कहा कि 1955 में पंडित नेहरू यहां आदिवासी सम्मेलन में आए थे। इसके बाद आपके लिए काम किया। मेरी दादी इंदिरा जी के लिए में आपके लिए खास जगह थी। मैं पहली बार बस्तर आई हूं, लेकिन मुझे बचपन से बस्तर के बारे में मालूम है। मेरी दादी कहती थीं कि सबसे बढिय़ा आदिवासी संस्कृति है। प्रियंका गांधी ने कहा कि बस्तर की संस्कृति और छत्तीसगढ़ में हो रहे नवाचार की गूंज पूरी दुनिया में है। नेहरू जी और इंदिरा जी के दिल में बस्तर के लोगों के लिए विशेष सम्मान था। कार्यक्रम में उन्होंने धान खरीदी - लघु वनोपज के एमएसपी मॉडल और स्वास्थ्य मॉडल के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की जमकर तारीफ की।  

छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर में पहली बाई आईं प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन की शुरुआत दंतेश्वरी माई चो जय के साथ की। उन्होंने कहा कि आज भरोसे का सम्मेलन है। इतनी बड़ी तादाद में मैं देख रही हूं मेरी बहनें आई हैं। मैं तो छत्तीसगढ़ पहली बार आई हूं मुझे तो आप जानते नहीं है, फिर इतनी बड़ी भीड़ क्यों आई है। आप इसलिए आई हैं, क्योंकि आपको मेरे परिवार के एक-एक सदस्य पर भरोसा है। आप इसलिए आई हैं, क्योंकि आज से कई साल पहले 1955 में पंडित जवाहरलाल नेहरू आदिवासी सम्मेलन में आए थे। आपके लिए काम किया। इंदिरा जी के दिल में आपके लिए खास जगह थी। बचपन से मुझे बस्तर के बारे में मालूम है। मैं आपकी हस्तकला को पहचानती हूं। आपकी संस्कृति को जानती हूं। मेरे परिवार के एक-एक सदस्य ने आपकी संस्कृति को पहचाना है।

कांग्रेस पार्टी ने जितना भी काम किया यहां उसी भावना और भरोसे की वजह से किया। जीवन में जो भी रिश्ता होता है, हर रिश्ते में भरोसे की जरूरत होती है। ऐसा कोई काम नहीं जो भरोसे के बिना हो। जब मैं स्टॉल पर थी, तब आइसक्रीम वाली बहन ने कहा कि दीदी आप मत खाओ आपका गला खराब हो जाएगा। एक पल में रिश्ता जोड़ लिया। मेरी सहेली बन गई। सार्वजनिक जीवन में सबसे महत्वपूर्ण बात भरोसा होता है। आज हम सब इस मंच पर खड़े हैं। आप भरोसा करते हैं कि हमारी सरकार बनेगी तो आपके लिए काम करेंगे।

नेता कैसे-कैसे वादे करते हैं, लेकिन पूरी करने वाली पार्टी और नेता कम होते हैं। काम करने वाले कितने हैं, इसका मूल्यांकन पब्लिक के भाई-बहन अच्छी तरह से कर सकते हैं। एक जगह की पहचान, संस्कृति के आदर, लोगों के सम्मान और शासन द्वारा आपका मान सम्मान करना चाहिए। छत्तीसगढिय़ा सबले बढिय़ा नारा आपने सुना है। इस नारे में ही सब कुछ है। इस नारे में आपकी संस्कृति का मान-सम्मान है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि किस तरह एक जमाना था कि लोग आने से डरते थे। यहां हिंसा, भय था। आज बस्तर ब्रांड बन गया है। आपकी पहचान देश ही नहीं विदेश में भी है। मैंने देखा किस तरह हस्तकला को बढ़ाया दिया जा रहा है। मिलेट्स के सामान बनाए जा रहे हैं। पूरे देशभर में बेचे जा रहे हैं। जहां दाम कम मिलता था, सरकार की मदद से आमदनी बढ़ गई है।
प्रियंका ने कहा कि मेरी दादी कहती थी कि सबसे बढिय़ा संस्कृति आदिवासी संस्कृति है। वे इसलिए आदर करती थी कि आप लोग प्रकृति का सम्मान करते हैं। प्रकृति का आदर करते हुए आप अपना रोजगार करते हैं। आपकी संस्कृति के तहत योजना बनाने की कोशिश की है। साडिय़ां सिल्क बना रही हैं। आमदनी बढ़ी है। इससे महिलाओं का आत्म सम्मान और आत्म विश्वास बढ़ा है। आज छत्तीसगढ़ में बेरोजगारी दर सबसे कम है। सबसे ज्यादा वन अधिकार यहां दिए गए हैं। सबसे ज्यादा एमएसपी मिल रही है। यहां का स्वास्थ्य मॉडल पूरी दुनिया में मशहूर हो गया है। पर्यटन हस्तकला वनोपज एमएसपी फिल्म शूटिंग के लिए यहां का ब्रांड बन चुका है। आपकी सरकार आपकी मजबूती के लिए काम कर रही है। आपके भरोसे पर चल रही है। आपके भरोसे को तोड़ा नहीं है।

भाजपा के 15 सालों में भय, भूख और भ्रष्टाचार मिला
आपने 15 सालों का भाजपा का शासन देखा। आपने उन पर भी भरोसा किया था, लेकिन वह भरोसा उन लोगों ने रखा नहीं। भय, भूख और खूब भ्रष्टाचार मिला। आपकी जमीन छीनी गई। हथकडिय़ां डाले गए। आपको निर्भर बनाया गया। आत्मनिर्भर नहीं बनाया। भाजपा की सरकार ने आपका विश्वास तोड़ा। आपकी अनदेखी की। गौमाता आवारा घूम रही थी। स्वयं सहायता की बहनों पर भारी कर्ज था। 3000 स्कूल बंद हो चुके थे। कांग्रेस ने आपका गौरव वापस लौटाया है। आदिवासी पर्वों के लिए हर पंचायत में सरकार पैसा भेजेगी। आपके हाथों को हर तरह से मजबूत करने की कोशिश रही है। आपसे जमीन छीनी नहीं गई। लौटाई गई है। 5 लाख लोगों को वनाधिकार के पट्टे मिले। सबसे पहले यह काम इंदिरा जी ने किया था। हमें गर्व है कि धान की सबसे ज्यादा एमएसपी यहां मिल रही है। 18 लाख किसानों का कर्ज माफ  हुआ। 42000 करोड़ का निवेश हुआ है। नए उद्योग लगे हैं। मैंने देखा कि उत्तरप्रदेश में आवारा पशुओं से बहुत नुकसान हुआ है। छत्तीसगढ़ में गौ माता भी खुश और जनता भी खुश है।

आपके सामने दो मिसाल है
आपके सामने दो मिसाल है। एक सरकार आपके लिए दिन रात काम करती है। दूसरी मिसाल ऐसी सरकार का जिसने आपकी संपत्ति छीनने का काम किया। सच्चाई आपके सामने है। आपको पहचानना है कि आपका भरोसा किस पर है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी कभी किसी की चुगली नहीं करते। नकारात्मक बात नहीं करते। हमेशा बताते हैं कि छततीसगढ़ के लिए कैसा नया काम किया है। उनके दिल में सचमुच आपके लिए प्रेम है। आपको आगे बढ़ाने की इच्छा है। कम ऐसे नेता हैं जो दिल से जनता के लिए काम करना चाहते हैं। मुझे गर्व है कि यहां कि सरकार ने आपका भरोसा रखा। आपके लिए अच्छी अच्छी योजनाएं बनाई। मेरी आशा है आप अपना भरोसा हममें रखेंगे। जितने भी नेता यहां बैठे हैं उन्हें मौका देंगे।
सम्मेलन को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी सैलजा, मंत्री कवासी लखमा, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, सांसद दीपक बैज ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में टीएस सिंहदेव, ताम्रध्वज साहू सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद-विधायक व कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल