नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा फ्रांस के अर्थव्यवस्था, वित्त और औद्योगिक एवं डिजिटल संप्रभुता मंत्रालय के बीच समझौता (एमओयू) पर हस्ताक्षर करने को मंजूरी दे दी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को यहां हुयी मंत्रिमंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गयी। इस करार का उद्देश्य डिजिटल प्रौद्योगिकियों से संबंधित सूचनाओं के सहयोग और आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। करार के तहत देश में डिजिटल प्रौद्योगिकी तक पहुंच को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक भागीदार के लक्ष्य का पारस्परिक रूप से समर्थन करेगा।
जिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में जी2जी और बी2बी दोनों द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाया जाएगा। करार में आईटी के क्षेत्र में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने वाले बेहतर सहयोग की परिकल्पना की गई है। इस समझौता ज्ञापन के तहत सहयोग दोनों प्रतिभागियों द्वारा हस्ताक्षर किए जाने की तारीख से शुरू होगा और पांच वर्षों तक चलेगा।
भारत और फ्रांस भारत-यूरोपीय क्षेत्र में लंबे समय से रणनीतिक साझेदार हैं। भारत और फ्रांस एक संपन्न डिजिटल इको सिस्टम को बढ़ावा देने और सहयोग बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं जो उनके नागरिकों को सशक्त बनाता है और डिजिटल सदी में उनकी पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित करता है।