Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पोलिंग बूथ पर मीडिया से बात करने पर सीएम की बेटी के खिलाफ शिकायत
हैदराबाद। तेलंगाना की 119 विधानसभा सीटों पर मतदान खत्म होने तक 64.05 प्रतिशत वोटिंग हुई। वोटिंग प्रतिशत का आंकड़ा बढ़ सकता है। अंतिम आंकड़ा शुक्रवार को आएगा।

जानकारी के मुताबिक आदिलाबाद में वोट देने आए दो बुजुर्गों टोकला गंगम्मा (78) और राजन्ना (65) की मौत हो गई। वोटिंग के दौरान लाइन में खड़ी ​​​​​​टोकला गंगम्मा को हार्ट अटैक आया। वहीं, लाइन में खड़े राजन्ना चक्कर आने की वजह से गिर गए। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उनकी मौत हो गई। पोलिंग बूथ में मीडिया से बात करने की वजह से बीआरएस नेता के कविता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

मतदान के दौरान तीन से चार जगह कांग्रेस से बीआरएस ​​​​​​और बीजेपी-बीआरएस के कार्यकर्ता भिड़ गए। कुछ जगहों पर लाठीचार्ज भी हुआ।

2290 कैंडिडेट्स मैदान में
स्टेट इलेक्शन कमीशन के मुताबिक, राज्य में 3.17 करोड़ से ज्यादा वोटर्स हैं। नेशनल और स्टेट लेवल की कुल 109 पार्टियों के 2290 कैंडिडेट्स मैदान में हैं। राज्य में 35 हजार 655 मतदान केंद्र बनाए गए। इनमें 511 केंद्र संवेदनशील रहे। ये सभी छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा से लगे हैं और नक्सल प्रभावित हैं। सुरक्षा के लिए सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स की 100 से ज्यादा कंपनियां तैनात की गईं। नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे।

बीआरएस, कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला
तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है। यहां पिछली बार दिसंबर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे और तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने सरकार बनाई थी। चंद्रशेखर राव दूसरी बार सीएम बने थे। टीआरएस का नाम अब बीआरएस (भारत राष्ट्र समिति) हो गया है। इस बार के चुनाव में सत्तारूढ़ बीआरएस, कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला है। साल 2018 में बीआरएस को 88, कांग्रेस को 19 सीटें मिली थीं। वहीं, भाजपा के खाते में केवल एक सीट आई थी।

मुख्यमंत्री केसीआर दो जगह से चुनाव लड़ रहे
बीआरएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष केसीआर लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने के लिए मैदान में हैं। वे गजवेल और कामारेड्डी दो विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। दोनों ही सीटों पर उनके खिलाफ मजबूत प्रत्याशी मैदान में हैं। गजवेल में भाजपा ने उनके खिलाफ ईटाला राजेंद्र को उतारा है। वहीं, कामारेड्डी क्षेत्र से कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रेवंत रेड्डी चुनावी मैदान में हैं।

भाजपा ने तीन सांसदों को मैदान में उतारा
भाजपा ने तेलंगाना में अपने सहयोगी जनसेना के साथ सभी 119 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने राज्य के चुनाव में तीन सांसदों को चुनावी मैदान में उतारा है। करीमनगर सीट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद बंदी संजय कुमार, बोथ से सांसद सोयाम बापू और कोरुतला से सांसद अरविंद धर्मपुरी को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बनाया है। इससे पहले पार्टी मप्र-राजस्थान में भी इसी तरह का प्रयोग कर कई मौजूदा सांसदों को चुनाव मैदान में उतार चुकी है।
इसके अलावा राज्य में भाजपा के इकलौते विधायक टीराजा सिंह को भी टिकट मिला। पार्टी ने उन्हें अगस्त 2022 में सस्पेंड कर दिया था। उन्होंने पैगंबर मोहम्मद को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी। टी राजा गौशमहल से विधायक हैं। भाजपा ने इसी सीट से उन्हें फिर से उम्मीदवार बनाया है। इस पर एआईएमआईएम चीफ ओवैसी ने कहा था कि भाजपा में नफरत फैलाने वालों को जल्दी प्रमोशन मिलता है। यकीन है नूपुर शर्मा को भी पीएम से आशीर्वाद मिलेगा।

tranding