Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 चंद्रयान 3 के लिए इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की सप्लाई की थी
0 10 हजार करोड़ रुपए पहुंची नेटवर्थ
नई दिल्ली। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरर कायन्स टेक्नोलॉजी के फाउंडर और डॉयरेक्टर रमेश कुन्हिकन्नन को फोर्ब्स ने इस साल पहली बार अपनी बिलियनेयर्स लिस्ट 2024 को शामिल किया है। वह 1.2 बिलियन डॉलर (करीब 10 हजार करोड़ रुपए) की नेटवर्थ के साथ इस लिस्ट में 2481 वें नंबर पर हैं।

इसके साथ ही कायन्स दुनिया के उन अमीर लोगों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिसमें एलन मस्क, मुकेश अंबानी, गौतम अडाणी और जेफ बेजोस सहित अन्य लोग शामिल हैं। 60 साल के कुन्हिकन्नन को अगस्त 2023 में चंद्रयान 3 की सफलता के बाद बिलेनियर का स्टेटस मिला।

कुन्हिकन्नन ने चंद्रयान में इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की सप्लाई में अहम रोल निभाया था
रमेश कुन्हिकन्नन ने चंद्रयान के रोवर और लैंडर दोनों को बिजली देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की सप्लाई करके भारत के चंद्रयान -3 मिशन में एक अहम भूमिका निभाई थी। अगस्त 2023 में इस इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की सप्लाई ने चंद्रमा की सतह पर मिशन की सफल लैंडिंग में योगदान दिया था। इसरो के नेतृत्व में चंद्रयान -3 मिशन का बजट लगभग 615 करोड़ का था। कुन्हिकन्नन की कायन्स टेक्नोलॉजी में 64% हिस्सेदारी है और चंद्रयान-3 की सफलता के बाद कंपनी का शेयर 50% से ज्यादा चढ़ चुका है।

कुन्हिकन्नन ने 1988 में कायन्स टेक्नोलॉजी की स्थापना की थी
कुन्हिकन्नन ने मैसूर के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री है। उन्होंने 1988 में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के लिए कायन्स टेक्नोलॉजी की स्थापना की थी। उनकी पत्नी सविता रमेश 1996 में कंपनी में शामिल हुई थी और अब कंपनी की चेयरमैन के रूप में कार्यरत हैं।

14 जुलाई को लॉन्चिंग के साथ चंद्रमा की ओर सफर शुरू हुआ था
इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन यानी इसरो ने 14 जुलाई 2023 को दोपहर 2 बजकर 35 मिनट पर चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया था। आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से एलवीएम3-एम4 रॉकेट के जरिए चंद्रयान को स्पेस में भेजा गया था।

लॉन्चिंग के 41वें दिन चंद्रयान-3 ने चंद्रमा पर लैंडिंग की थी
चंद्रयान-3 ने लॉन्च होने के 41वें दिन 23 अगस्त 2023 को चंद्रमा पर लैंडिंग की थी। इसी के साथ भारत चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरने वाला पहला देश बन गया। इसरो चीफ एस सोमनाथ ने चंद्रयान-3 की साउथ पोल पर लैंडिंग के बाद कहा था- PM सर नमस्कार। हमने चांद पर सॉफ्ट लैंडिंग कर ली है। इंडिया इज ऑन द मून। चंदा मामा दूर के नहीं, अब घर के।