Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 डिस्टलरी कंपनी के 12 कर्मचारियों की हुई थी मौत, 15 घायल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रायपुर-दुर्ग रोड पर मंगलवार रात को हुए बस हादसे की जांच शुरू हो गई है। हादसे में केडिया डिस्टलरी कंपनी के 12 कर्मचारियों की मौत हुई है, जबकि 15 लोग घायल हैं। इनमें 10 की हालत गंभीर है। मृतकों में 3 महिलाएं भी शामिल हैं। बस में करीब 40 लोग सवार थे।

 हादसा तब हुआ जब कंपनी की बस कर्मचारियों को लेकर फैक्ट्री से रवाना हुई थी। इसी दौरान रास्ते में बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। कलेक्टर ने फौरन हादसे की मजिस्ट्रेट जांच कराने के आदेश दिए थे। वहीं, केडिया डिस्टलरी ने मृतकों के आश्रितों को 10-10 लाख रुपए, एक सदस्य को नौकरी और घायलों के पूरे इलाज का खर्च उठाने की बात कही है। घायलों को एम्स, एपेक्स, ओम और अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घायलों का हालचाल जानने पहुंचे सीएम साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार सुबह रायपुर एम्स पहुंचकर बस हादसे में घायल हुए लोगों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने डॉक्टर्स को घायल कर्मचारियों के समुचित इलाज का इंतजाम करने को कहा और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

हादसे की जांच शुरू
घटना के अगले ही दिन कुम्हारी बस हादसे की जांच भी शुरू हो गई है। आईजी रामगोपाल गर्ग, एसपी जितेंद्र शुक्ला, कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी समेत तमाम अधिकारी आज सुबह से ही घटनास्थल पहुंचे। सुबह 11 बजे डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी मौके पर पहुंचे और खदान के नीचे उतरकर अधिकारियों से बात की।

बस में 40 लोग सवार थे
जानकारी के मुताबिक, हादसा कुम्हारी में खपरी रोड पर मुरुम खदान में हुआ है। केडिया डिस्टलरी के कर्मचारी प्लांट से बस में सवार होकर लौट रहे थे। हादसे के दौरान बस में 40 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। टॉर्च और मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर रेस्क्यू किया गया।

कर्मचारियों को फैक्ट्री से लेकर निकली थी बस
मंगलवार रात करीब 8 बजे यह बस केडिया डिस्टलरी प्लांट से कर्मचारियों को लेकर निकली थी। इसी दौरान बस खदान पारा में 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को निकालने की कोशिश शुरू हुई। घायलों को कुम्हारी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को रायपुर एम्स लाया गया। दूसरी तरफ, घटनास्थल पर बस को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। इसमें स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू टीम की मदद की।

अंधेरा, संकरी रोड और रेलिंग भी नहीं
हादसे वाली जगह पर काफी अंधेरा था। स्ट्रीट लाइट्स तक बंद पड़ी थीं। यहां रोड भी कम चौड़ी है। सड़क किनारे खाई होने के बाद भी रेलिंग नहीं लगी थी। बताया जा रहा है कि बस बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे पत्थर को तोड़ती हुई नीचे जा गिरी।

एम्स का मेडिकल बुलेटिन जारी
हादसे में घायल 10 लोगों का रायपुर एम्स में इलाज चल रही है। इनमें से चार चोटिल हुए हैं, चार घायल हैं और दो गंभीर घायल अभी वेंटिलेटर पर हैं। घायलों में छह महिलाएं और चार पुरुष हैं। सभी लोग दुर्ग और भिलाई के रहने वाले हैं। एम्स के एग्जक्यूटिव डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल (रिटायर्ड) ने बताया कि घायलों को पूरी सुविधा दी जा रही है।

अपनों की तलाश में भटकते मिले परिजन
हादसे की खबर मिलने के बाद कर्मचारियों के परिजन अस्पताल पहुंचे। इस दौरान एक युवक अपने बड़े पिता जी को ढूंढ़ने के लिए रायपुर एम्स पहुंचा। उसने बताया कि बीएल दुबे, जो कि केडिया डिस्टलरी में काम करते हैं, उनका पता नहीं चल रहा है। एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल चक्कर लगा रहे हैं।

हादसे में इन 12 लोगों की गई जान

विधु भाई पटेल शांति बाई देवांगन
पुष्पा देवी पटेल राम बिहारी यादव
कमलेश देशलहरे सत्या बाई निषाद
राजूराम ठाकुर परमानंद तिवारी
अमित सिन्हा मनोज ध्रुव
कृष्णा त्रिभुवन पांडेय

tranding