Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 पीएम मोदी ने सेमीकॉन इंडिया 2024 प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
0 13 सितंबर तक चलेगा ये इवेंट
नई दिल्ली। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेमीकॉन इंडिया 2024 प्रदर्शनी की शुरुआत की। PM मोदी ने इस दौरान वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी के भारत में चिप कभी डाउन नहीं होंगी। आज का भारत दुनिया को भरोसा देता है कि जब चिप डाउन होंगी, तब आप भारत पर दांव लगा सकते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि चिप डिजाइनिंग की दुनिया में 20% टैलेंट का योगदान भारत कर रहा है और इसका निरंतर विस्तार हो रहा है। भारत का फोकस अपने स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स को सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री रेडी बनाने पर है। ये इवेंट नॉलेज पार्क 2 में 13 सितंबर तक चलेगा। इस प्रदर्शनी में दुनियाभर की लीडिंग सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव उनके साथ मौजूद रहे।
सेमीकॉन इंडिया 2024 के शेड्यूल के अनुसार, 11 से 13 सितंबर तक तीनों दिन सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। जिसमें दुनियाभर के सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरर अपने स्टॉल लगे हुए हैं।
समारोह में पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का 8वां देश है जहां ग्लोबल सेमीकंडक्टर से जुड़ा ये भव्य आयोजन हो रहा है और मैं कह सकता हूं कि यह भारत में रहने का सही समय है। आप सही समय पर सही जगह पर हैं। आज भारत दुनिया को भरोसा देता है। आज भारत आत्म निर्भर होने के लिए मैन्युफैक्चरिंग बढ़ा रहा है। आज भारत बड़े पैमाने पर ग्रीन ट्रांजैक्शन कर रहा है। भारत में डेटा सेंटर की डिमांड लगातार बढ़ रही है। यानी ग्लोबल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को ड्राइव करने में भारत अहम भूमिका निभाने जा रहा है। हम भारत में सेमीकंडक्टर के प्रोडक्शन को बढ़ाने पर फोकस कर रहे हैं। सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग को आगे बढ़ाने के लिए हमने बहुत सारे कदम उठाए हैं। भारत में सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरर फैसिलिटी लगाने के लिए सरकार 50% का सपोर्ट दे रही है। भारत की नीतियों के कारण ही बहुत कम समय में 1.5 ट्रिलियन रुपए से ज्यादा के इन्वेस्टमेंट भारत में हो चुके हैं। और कई इन्वेस्टमेंट अभी पाइप लाइन में हैं। सेमीकंडक्टर पावर हाउस बनने के लिए जो भी जरूरी होगा, भारत वो सब करने वाला है।
पहले हम दुनिया के सबसे बड़े इंपोर्टरों में से एक थे। आज हम दुनिया के नंबर 2 प्रोड्यूसर और एक्सपोर्टर है। भारत 5जी मोबाइल दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मार्केट बन चुका है। आज भारत का इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर 150 बिलियन डॉलर से ज्यादा का हो गया है।
इस दशक के अंत तक हम इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर को 50 बिलियन डॉलर तक ले जाना चाहते हैं। इससे भारत के युवाओं के लिए 60 लाख नौकरियां पैदा होंगी। इसका फायदा भारत की सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री को भी होगा। हमारा लक्ष्य है इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग का 100% काम भारत में ही हो। यानी भारत सेमीकंडक्टर चिप भी बनाएगा और उनके फिनिश गुड्स भी बनाएगा। भारत का सेमीकंडक्टर ईको सिस्टम सिर्फ भारत की ही नहीं बल्कि ग्लोबल चैलेंजेस को भी सॉल्यूशन देता है।

सेमी कंडक्टर पॉलिसी के तहत निवेश करने पर ये होगा फायदा
0 यूपी सेमीकंडक्टर नीति के तहत भारत सरकार द्वारा अनुमोदित कैपिटल सब्सिडी पर 50% अतिरिक्त कैपिटल सब्सिडी दी जाएगी।
0 पॉलिसी में कंपाउंड सेमी कंडक्टर, सिलिकॉन फोटोनिक्स, सेंसर, एटीएमपी, ओएसएटी के लिए 75% की लैंड रिबेट भी दी जाएगी।
0 डुअल ग्रिड नेटवर्क के साथ ही 10 सालों के लिए इलैक्ट्रिसिटी ड्यूटी में 100 की छूट दी जा रही है।
0 25 सालों के लिए अंतरराज्यीय बिजली खरीद, ट्रांसमिशन और व्हीलिंग शुल्क 50% की छूट भी मिलेगी।
0 स्टांप ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन फीस पर 100% छूट और हर साल 5% ब्याज सब्सिडी (अधिकतम 7 करोड़ रुपए) दिए जाने की भी व्यवस्था की गई है।

दुनिया की 60% सेमीकंडक्टर चिप ताइवान बनाता है
साल 2021 में भारतीय सेमीकंडक्टर मार्केट की वैल्यू 27.2 बिलियन डॉलर थी और सालाना 19% की बढ़ोतरी के साथ इसके 2026 तक 64 बिलियन डॉलर होने की उम्मीद है। सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री एसोसिएशन (एसईएमआई) के अनुसार, ताइवान ग्लोबल चिप फैब्रिकेशन कैपेसिटी (भौतिक रूप से सेमीकंडक्टर बनाने की क्षमता) में 60% हिस्सेदारी है।

 

 

tranding