0 जिले के पुजारी कांकेर के जंगल को 1500 जवानों ने घेरा
0 आईईडी ब्लास्ट में 2 जवान भी घायल
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जंगल में गुरुवार को पुलिस-नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में 17 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। दोनों तरफ से रुक-रुककर गोलीबारी जारी है। वहीं बीजापुर में ही आईईडी ब्लास्ट में 2 जवान घायल हो गए हैं।
बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। बीजापुर, डीआरजी सुकमा, डीआरजी दंतेवाड़ा, कोबरा के अलग-अलग बटालियन और सीआरपीएफ के करीब 1200 से 1500 जवानों ने नक्सलियों को घेर रखा है। जंगल में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं, इनमें कुछ बड़े नक्सल लीडर भी शामिल हैं।
आईईडी की चपेट में आए जवान
गुरुवार दोपहर बीजापुर जिले के बासागुड़ा थाना क्षेत्र में कोबरा बटालियन के 2 जवान आईईडी की चपेट में आ गए। साथी जवानों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया जा रहा है कि पुतकेल कैंप से जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। नक्सलियों ने इलाके में पहले से ही आईईडी लगा रखी थी। इसी दौरान जवानों के पैर का दबाव आईईडी पर पड़ा, जिससे जोरदार धमाका हुआ। दोनों जवानों के पैर में चोटें आई हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।
12 जनवरी को 5 नक्सली मारे गए
इसके पहले 12 जनवरी को फोर्स ने बीजापुर के मद्देड़ इलाके में 2 महिला नक्सली समेत 5 नक्सलियों को मार गिराया था। घटनास्थल से पांचों के शव के साथ एसएलआर और राइफल बरामद किए थे। बीजापुर एसपी जितेंद्र यादव ने इसकी पुष्टि की थी। वहीं बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया था कि नेशनल पार्क एरिया कमेटी के माओवादियों को रविवार सुबह से जवानों ने घेर रखा था। सुबह से बंदेपारा-कोरंजेड़ के जंगल में शाम 3-4 बजे तक रुक-रुककर फायरिंग चली।
जवानों ने राइफल और बीजीएल बरामद किया
बस्तर आईजी सुंदरराज पी ने बताया था कि मुठभेड़ स्थल से एक एसएलआर राइफल, 12 बोर बंदूक, 2 सिंगल शॉट बंदूक, एक बीजीएल लॉन्चर, 1 देशी बंदूक (भरमार) के साथ विस्फोटक, नक्सल साहित्य और नक्सली सामग्री बरामद की गई है।