Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 झीरम घाटी में हादसा, बाजार जा रहे थे ग्रामीण
जगदलपुर।  बस्तर जिले के झीरम घाटी में ब्रेक फेल हो जाने से ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 ग्रामीणों की मौत हो गई, 4 गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं ट्रक चालक मुखविंदर ट्रक की केबिन में फंस गया। पुलिस टीम रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित निकाला।   मामला दरभा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार सुबह करीब 11 बजे 7 ग्रामीण पिकअप वाहन में सवार होकर जगदलपुर से पखनार बाजार की ओर जा रहे थे। उसी दौरान सुकमा की तरफ से आ रहा एक ट्रक भी पिकअप के पीछे चल रहा था।
झीरम घाटी के पास पहुंचते ही ट्रक के ब्रेक फेल हो गए, जिससे ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और तेज रफ्तार में पिकअप से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बैजनाथ ठाकुर, सुंदर लाल सोनी और फिरोज अहमद अंसारी ने मौके पर दम तोड़ दिया।

गैस कटर की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन
ग्रामीणों के शव सड़क पर बिखरे पड़े थे। सूचना मिलते ही दरभा थाना प्रभारी चाणक्य नाग पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुरक्षित रखा गया। ट्रक चालक को बाहर निकालने के लिए गैस कटर की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

झीरम घाटी के दोनों ओर लंबा जाम
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे-30 पर झीरम घाटी के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। पुलिस और प्रशासन की टीम क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी रही। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि घाटी क्षेत्र में सड़क काफी संकरी है और नेशनल पार्क क्षेत्र होने के कारण इसका चौड़ीकरण संभव नहीं है। यही वजह है कि यहां तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

 

tranding