0 सीएम मोहन चरण मांझी ने 25 लाख रुपए अनुग्रह राशि की घोषणा की
भुवनेश्वर/कटक। ओडिशा में कटक जिले के एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में सोमवार को आग लगने की एक दुखद घटना में 10 मरीजों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य मरीज घायल हो गए। घायलों का वर्तमान में आईसीयू में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मुकेश महालिंग के साथ अस्पताल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने आग लगने के कारणों की न्यायिक जांच के आदेश दिए और मृतकों के परिजनों के लिए 25 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। सीएम श्री मांझी के अनुसार, आग लगने का कारण अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर आईसीयू में शॉर्ट सर्किट होना माना जा रहा है। यह अस्पताल ओडिशा के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में से एक है। जानकारी के अनुसार आग बगल के आईसीयू और वार्ड में भी फैल गई।
घटना के समय, ट्रॉमा केयर आईसीयू में 23 मरीजों का इलाज चल रहा था। इनमें से 10 मरीजों की अस्पताल के अन्य आईसीयू यूनिटों में स्थानांतरित करते समय मौत हो गई जबकि शेष 13 मरीजों को बचा लिया गया और उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी तुरंत अस्पताल पहुंचे और आग पर काबू प्राप्त किया। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।
तड़के 2:30 बजे लगी आग
बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह करीब 2:30 बजे हुआ जब आईसीयू में भर्ती मरीज गहरी नींद में थे। अचानक ट्रॉमा केयर आईसीयू में आग भड़क उठी जिससे हालात बेहद गंभीर हो गए। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का प्रयास किया।
मरीजों को शिफ्ट करते समय मौत
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के अनुसार कुल 23 मरीजों को अन्य वार्ड में शिफ्ट किया गया। इनमें से 7 मरीजों की हालत शिफ्टिंग के दौरान ही बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। वहीं 3 मरीजों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरीजों को बचाने में जुटे कई कर्मचारी भी घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
मृतकों के परिवार को 25 लाख मुआवजा
घटना के बाद मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। सरकार ने मृतकों के परिवारों को 25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही इस हादसे की न्यायिक जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
कटक अस्पताल हादसे के बाद मोदी ने की अनुग्रह राशि की घोषणा
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा के कटक में एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में हुए हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और पीड़ितों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से वित्तीय सहायता की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि कि यह घटना बेहद दुखद है और उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। श्री मोदी ने कहा कि ओडिशा के कटक में अस्पताल में हुआ हादसा बेहद पीड़ादायक है। जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" प्रधानमंत्री ने प्रभावित परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री के संदेश में प्रभावित लोगों के प्रति केंद्र सरकार के सहायता का संकेत दिया गया है और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की गई है।