Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर ग्राम सकालो जंगल के पास हादसा
अंबिकापुर। सरगुजा जिले में गांधीनगर थाना क्षेत्र के अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर ग्राम सकालो जंगल के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतकों में पति-पत्नी और उसका पुत्र शामिल है। 

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह ट्रक प्रतापपुर की ओर से आ रही थी। वहीं कार अंबिकापुर की दिशा में जा रही थी, जिसमें कुल चार लोग सवार थे। इसी दौरान गांधीनगर थाना क्षेत्र के सकालो जंगल के पास ट्रक ने कार को ठोकर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में एक ही परिवार के पति-पत्नी व पुत्र शामिल हैं। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास के लोगों ने पास के अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। मृतकों की पहचान मानीमती (50 वर्ष), उनके पति कैलाराम (52 वर्ष) व पुत्र राहुल टोप्पो (25 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल चालक का नाम सोनू केरकेट्टा पिता ओमप्रकाश है। बताया जाता है कि सभी मृतक और घायल दुप्पी चौरा रजापुर गांव के निवासी हैं। 
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।