Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 ग्रामीणों से भरी पिकअप पलटी
0 ट्रक ने दोस्तों को कुचला, सिर फटने से गई जान
जगदलपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ में दो अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो गई। बस्तर में शादी से लौट रही ग्रामीणों से भरी पिकअप बेकाबू होकर पलट गई। इस घटना में 2 महिलाओं की जान चली गई, जबकि 37 लोग घायल हो गए। मामला घोटिया थाना क्षेत्र का है। वहीं, कोरबा में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 2 दोस्तों को कुचल दिया, सिर फटने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामला कटघोरा थाना क्षेत्र का है।

पहली घटना बस्तर के घोटिया थाना क्षेत्र की है। जहां सिरिसगुड़ा निवासी एक परिवार गांव के अन्य लोगों के साथ सोमवार को नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक अंतर्गत रेंगाबेड़ा गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। सभी लोग मंगलवार (7 अप्रैल) सुबह पिकअप में सवार होकर गांव लौट रहे थे। इस दौरान ढाबामारी के पास ड्राइवर ने अचानक कंट्रोल खो दिया, जिससे तेज रफ्तार पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि लोग इधर-उधर फेंका गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

घायलों में बच्चे भी शामिल
हादसे में सुलो मंडावी (45) और मिटको मंडावी (50) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी 37 ग्रामीण घायल हो गए, इनमें महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हैं। आसपास के स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।

घायलों को किया गया रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को पहले लोहंडीगुड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज डिमरापाल रेफर किया गया है।

पुलिस बोली- ओवरलोडिंग की जांच की जा रही
बताया जा रहा है कि पिकअप में 40 से ज्यादा लोग सवार थे। इस घटना को लेकर घोटिया थाना का कहना है कि सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। ओवरलोडिंग की बात सामने आई, जिसकी जांच की जा रही है।

कोरबा में ट्रक ने दोस्तों को कुचला
दूसरी घटना कोरबा के कटघोरा थाना क्षेत्र की है। दरअसल ग्राम घुंचापुर का रहने वाला कृष्णा दास (22) और साखो गांव रहने वाले बिहारी लाल यादव (23) दोस्ते थे। दोनों सोमवार शाम को कटघोरा गए हुए थे। कृष्णा राशन दुकान में काम करता है, वह अपने दुकान के लिए सामान लेने गया था। मंगलवार सुबह सामान लेकर वापस लौट रहे थे, तो जेंजरा बाइपास के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क किनारे दूर जा गिरे और उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। साथ ही दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाकर जांच में जुट गई है। कटघोरा पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

दोनों दोस्त राशन का सामान लेने गए थे, लौटते समय ट्रक ने कुचल दिया।