Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 अभी जरूरत का 71% यूरिया मिडिल-ईस्ट से आता है
नई दिल्ली। ईरान जंग के कारण पैदा हुए यूरिया संकट के बीच भारत और रूस ने जॉइंट वेंचर में फर्टिलाइजर प्लांट लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी हैं। यह प्लांट रूस के समारा में लगाया जा रहा है, जो अगले दो साल में बनकर तैयार हो जाएगा। इसे लेकर हाल ही में एक भारतीय दल ने रूस का दौरा किया है।

भारत और रूस के इस साझा प्रोजेक्ट में करीब 20 हजार करोड़ रुपए का निवेश होना है। रूस में लगने वाले 20 लाख टन क्षमता के यूरिया प्रोजेक्ट में इंडियन पोटाश लिमिटेड, आरसीएफएल और एनएफएल शामिल हैं। इस प्रोजेक्ट के जरिए भारत खाद के आयात पर निर्भरता कम करना चाहता है।

मिडल-ईस्ट पर निर्भरता कम करने की तैयारी
भारत अपनी खेती के लिए नाइट्रोजन आधारित खाद यूरिया पर बहुत ज्यादा निर्भर है। वर्तमान में भारत अपनी जरूरत का करीब 71% यूरिया मिडल-ईस्ट के देशों से आयात करता है।

भारत की 3 सरकारी कंपनियां प्रोजेक्ट में शामिल
भारतीय कंपनियां इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल), राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (आरसीएफएल) और नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड (एनएफएल) मिलकर 10 हजार करोड़ का निवेश करेंगी। बाकी के 10 हजार करोड़ रूस की केमिकल कंपनी 'यूरालकेम ग्रुप' लगाएगी।

भारत के लिए यूरिया का स्थायी स्रोत बनेगा प्लांट
इंडियन पोटाश के एमडी पीएस गहलोत ने कहा कि प्रोजेक्ट कंसल्टेंट पीडीआईएल ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। यह प्लांट भारत के लिए यूरिया का एक स्थायी स्रोत बनेगा।

वैकल्पिक रास्तों से मंगाया जा रहा है यूरिया
अमेरिका-ईरान तनाव के कारण पैदा हुए संकट को देखते हुए सरकार ने 2026 के लिए 25 लाख टन यूरिया के आयात को मंजूरी दी है। यह सप्लाई 'स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज' के रास्ते को छोड़कर अल्जीरिया, नाइजीरिया, ओमान और रूस से सीधे मंगवाई जा रही है।

2025 में पुतिन की भारत यात्रा में रखी थी प्रोजेक्ट की नींव
इस प्रोजेक्ट की नींव दिसंबर 2025 में रखी गई थी, जब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आए थे। पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की मौजूदगी में दोनों देशों में MoU साइन हुआ था।

रूस में ही फैक्ट्री क्यों लगा रहा भारत?
यूरिया बनाने में सबसे मुख्य और महंगा कच्चा माल नेचुरल गैस है। रूस दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां गैस के भंडार बहुत ज्यादा हैं। भारत में गैस उतनी मात्रा में उपलब्ध नहीं है और हमें इसे बाहर से महंगे दामों पर मंगाना पड़ता है। इसी वजह से वहां यूरिया बनाना सस्ता पड़ता है। रूस के पास यूरिया बनाने की उन्नत तकनीक और बड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर पहले से मौजूद है।