0 स्पेसएक्स अमेरिका के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ लाएगी, वैल्यूएशन 1.25 ट्रिलियन डॉलर आंकी गई
ऑस्टीन (टेक्सास)। इलॉन मस्क जल्द ही दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बन सकते हैं। दरअसल, इलॉन मस्क की रॉकेट और सैटेलाइट कंपनी स्पेसएक्स शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रही है, जो वॉल स्ट्रीट के इतिहास का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है। इसकी वैल्यूएशन 1.25 ट्रिलियन डॉलर आंकी गई है।
इसकी लिस्टिंग के बाद मस्क की नेटवर्थ 1 ट्रिलियन के पार पहुंच सकती है। फोर्ब्स बिलियनेयर्स लिस्ट के मुताबिक, अभी मस्क 807 बिलियन डॉलर यानी 77 लाख करोड़ रुपए की नेटवर्थ के साथ दुनिया के सबसे अमीर आदमी हैं। बुधवार को कंपनी ने एसपीसीएक्स टिकर सिंबल के तहत लिस्ट होने का प्लान पेश किया है। जिससे इस कंपनी के फाइनेंस-लीडरशिप जैसी अन्य जानकारी पहली बार सामने आई है।
आईपीओ से इलॉन मस्क कैसे बनेंगे ट्रिलियनेयर?
स्पेसएक्स ने खुद की वैल्यूएशन 1.25 ट्रिलियन डॉलर आंकी है। बीबीसी के मुताबिक, इस वैल्यूएशन से स्पेसएक्स में मस्क की बहुमत हिस्सेदारी की कीमत 600 बिलियन डॉलर से ज्यादा हो सकती है। उनकी मौजूदा संपत्ति और इस लिस्टिंग को मिलाकर मस्क की कुल नेटवर्थ 1 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार कर सकती है। मस्क पिछले साल ही 500 बिलियन डॉलर की नेटवर्थ पार करने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बने थे। वह इलेक्ट्रिक व्हीकल कंपनी टेस्ला के सीईओ भी हैं। स्पेसएक्स में कॉमन शेयर्स और क्लास बी शेयर्स के कॉम्बिनेशन के जरिए मस्क के पास 85.1% वोटिंग पावर है।
लीडरशिप स्ट्रक्चर पहली बार सामने आया
आईपीओ फाइलिंग से स्पेसएक्स की लीडरशिप और ओनरशिप स्ट्रक्चर का पहली बार खुलासा हुआ है। मस्क कंपनी के चेयरमैन के रूप में काम करते हैं, जबकि प्रेसिडेंट और चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर ग्विन शॉटवेल भी बोर्ड में शामिल हैं। अन्य डायरेक्टर्स में चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर ब्रेट जॉनसन, वेंचर कैपिटलिस्ट रैंडी ग्लेन, स्टीव जर्विटसन, ल्यूक नोजेक, इरा एहरेनप्रेइस, प्राइवेट इक्विटी एग्जीक्यूटिव एंटोनियो ग्रासियस और गूगल एग्जीक्यूटिव डोनाल्ड हैरिसन शामिल हैं।