0 पीएम मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट किया था पैकेट, वीडियो वायरल होने के बाद डिमांड बढ़ी
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को मेलोडी टॉफी का एक पैकेट गिफ्ट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस वीडियो के सामने आने के बाद देश-विदेश में मेलोडी की डिमांड बढ़ गई है, जिसके कारण पार्ले प्रोडक्ट्स ने इसका प्रोडक्शन बढ़ा दिया है।
कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट मयांक शाह ने गुरुवार (21 मई) को इस बात की जानकारी दी। पार्ले प्रोडक्ट्स के वाइस प्रेसिडेंट मयांक शाह ने पीटीआई (PTI) से बातचीत में इस पल को ब्रांड के इतिहास का सबसे बड़ा कैंपेन बताया।
उन्होंने कहा कि कंपनी अब पीएम मोदी के इस स्वदेशी ब्रांड के समर्थन को आगे बढ़ाएगी। पार्ले अब दुनिया भर में मेलोडी की उपस्थिति को और मजबूत करने के लिए काम करेगी। मेलोडी दुनिया के 100 से ज्यादा देशों में बिकती है।
ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स पर सेल्स बढ़ी
मयांक शाह से जब ग्राहकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के रिएक्शन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि डिस्ट्रीब्यूटर्स से शुरुआती फीडबैक मिला है कि बाजार में अचानक डिमांड बहुत बढ़ गई है। क्विक कॉमर्स और ई-कॉमर्स जैसे चैनलों पर सेल्स में तुरंत और भारी उछाल देखा गया है। कल सुबह से ही क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर मेलोडी शब्द की सर्च काफी बढ़ गई है।
विदेश से भी आ रही डिमांड, प्रोडक्शन बढ़ाया
कंपनी ने डिमांड को पूरा करने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। मयांक शाह ने बताया कि कल से ही मेलोडी का प्रोडक्शन बढ़ा दिया गया है। भारत के साथ-साथ अब विदेशों से भी इसकी मांग काफी ज्यादा आ रही है। पीएम मोदी के मेलोनी को मेलोडी का पैकेट गिफ्ट किए जाने पर शाह ने कहा कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व नेताओं को पार्ले मेलोडी गिफ्ट कर रहे हैं, तो यह पार्ले में हम सभी के लिए बेहद गर्व का पल है।