0 अडाणी प्रॉपर्टीज की वैल्यू 38,000 करोड़ बढ़ी, राजीव सिंह की डीएलएफ को पीछे छोड़ा
नई दिल्ली। भारत के रियल एस्टेट सेक्टर में साल 2026 में बड़ा उलटफेर हुआ है। ग्रोहे-हुरून इंडिया रियल एस्टेट रिच लिस्ट में गौतम अडाणी और उनका परिवार पहली बार नंबर-1 पोजीशन पर पहुंच गया। अडाणी प्रॉपर्टीज की वैल्यू में इस साल 38,000 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। साथ ही उन्होंने इस मामले में डीएलएफ के राजीव सिंह को पीछे छोड़ दिया है।
2026 की ग्रोहे-हुरून इंडिया रियल एस्टेट 150 रिपोर्ट के मुताबिक, अडाणी प्रॉपर्टीज इस साल भारतीय रियल एस्टेट सेक्टर में सबसे ज्यादा वैल्यू जोड़ने वाली कंपनी बनकर उभरी है। सालाना आधार पर कंपनी की वैल्यूएशन 72.5% बढ़कर 90,400 करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। अहमदाबाद बेस्ड यह कंपनी चार पायदान की छलांग लगाकर देश की चौथी सबसे वैल्युएबल रियल एस्टेट कंपनी बन गई है। इसके साथ ही यह भारत की सबसे वैल्यूएबल अनलिस्टेड रियल एस्टेट डेवलपर भी बनी हुई है।
पहली बार रिच लिस्ट के टॉप पर अडाणी फैमिली
वैल्यूएशन में आए इस तेज उछाल के कारण गौतम अडाणी और उनकी फैमिली हुरून इंडिया रियल एस्टेट रिच लिस्ट में पहले नंबर पर आ गई है। अडाणी फैमिली की रियल एस्टेट वेल्थ सालाना आधार पर 73% बढ़कर 90,400 करोड़ रुपए हो गई है। यह रैंकिंग अडाणी प्रॉपर्टीज में इस फैमिली की पूरी 100% ओनरशिप को दर्शाती है।
हुरून ने बताया- क्यों आई इतनी बड़ी तेजी
हुरून के मुताबिक, अडाणी प्रॉपर्टीज की वैल्यू में इस बड़े उछाल की मुख्य वजह अडाणी ग्रुप का एक स्ट्रैटेजिक फैसला है। ग्रुप ने अपने पूरे रियल एस्टेट ऑपरेशंस को एक करके अडाणी प्रॉपर्टीज के तहत शामिल कर दिया है। रिसर्च फर्म ने नोट किया है कि भारत के सबसे अमीर व्यक्ति इस इंटीग्रेटेड प्लेटफॉर्म के जरिए देश का सबसे बड़ा रियल एस्टेट बिजनेस खड़ा कर रहे हैं।
डीएलएफ भारत की सबसे वैल्यूएबल रियल एस्टेट कंपनी
एक तरफ जहां अडाणी प्रॉपर्टीज ने लंबी छलांग लगाई, वहीं दूसरी तरफ लिस्टेड डेवलपर्स के लिए यह साल काफी मुश्किलों भरा रहा। गुरुग्राम बेस्ड डेवलपर डीएलएफ की वैल्यूएशन में सालाना आधार पर 29.3% की गिरावट आई और यह घटकर 1.46 लाख करोड़ रुपए रह गई। हालांकि, इस बड़ी गिरावट के बावजूद डीएलएफ ने रैंकिंग में अपनी टॉप पोजीशन बरकरार रखी है और यह भारत की सबसे वैल्यूएबल रियल एस्टेट कंपनी बनी हुई है।
लोढ़ा डेवलपर्स दूसरे और इंडियन होटल्स तीसरे नंबर पर
रैंकिंग में दूसरे नंबर पर लोढ़ा डेवलपर्स है। हालांकि, इसकी वैल्यूएशन में 32.2% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद इसकी वैल्यू 93,700 करोड़ रुपए रह गई है। वहीं इंडियन होटल्स कंपनी 13.9% की गिरावट के साथ 93,300 करोड़ रुपए की वैल्यूएशन के साथ तीसरे नंबर पर है। ओयो (प्रिज्म) 106.8% की भारी बढ़त के साथ 67,200 करोड़ रुपए की वैल्यू लेकर 5वें नंबर पर आ गई है।
रियल एस्टेट सेक्टर में सुस्ती के संकेत
हुरून की इस रिपोर्ट ने देश के ओवरऑल रियल एस्टेट सेक्टर की सुस्ती को भी उजागर किया है। लिस्ट में शामिल सभी 151 कंपनियों की कुल वैल्यूएशन सिर्फ 2% बढ़कर 16.5 लाख करोड़ रुपए ही हो सकी है। यह पिछले 9 साल (जब से ये रैंकिंग शुरू हुई है) में सबसे धीमी ग्रोथ रेट है। इसके मुकाबले पिछले साल की लिस्ट में 14% की मजबूत ग्रोथ देखी गई थी।
रियल एस्टेट रिच लिस्ट में गौतम अडाणी एंड फैमिली नंबर-1
रैंक नाम कंपनी रियल एस्टेट वेल्थ
1 गौतम एडाणी एंड फैमिली अडानी प्रॉपर्टीज 90,400 करोड़
2 राजीव सिंह एंड फैमिली डीएलएफ 90,200 करोड़
3 लोढ़ा एंड फैमिली लोढ़ा डेवलपर्स 67,700 करोड़
4 विकास ओबेरॉय ओबेरॉय रियल्टी 42,500 करोड़
5 चंदू रहेजा एंड फैमिली के रहेजा कॉर्प 42,500 करोड़
6 अतुल रुइया एंड फैमिली द फीनिक्स मिल्स 29,900 करोड़
7 राजा बागमाने एंड फैमिली बागमाने डेवलपर्स 29,100 करोड़
8 निरंजन हिरानंदानी हिरानंदानी कम्युनिटीज 26,900 करोड़
9 बसंत बंसल एंड फैमिली एमएम इंडिया 25,500 करोड़
10 विजय अग्रवाल एंड फैमिली सत्व डेवलपर्स 20,500 करोड़
सोर्स - ग्रोहे-हुरून इंडिया रियल एस्टेट-150 रिपोर्ट 2026