Head Office

SAMVET SIKHAR BUILDING RAJBANDHA MAIDAN, RAIPUR 492001 - CHHATTISGARH

tranding

0 भोपाल से रीवा और पटना तथा रीवा और जबलपुर से कोलकाता की हवाई कनेक्टिविटी बढ़ी
भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के राममोहन नायडू ने रविवार को भोपाल में राजा भोज एयरपोर्ट पर भोपाल-रीवा-भोपाल / रीवा कोलकाता रीवा हवाई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में बोर्डिंग पास वितरित किए।
 
मध्य प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में रविवार को चार नई हवाई सेवाओं की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने भोपाल में आयोजित एक समारोह में भोपाल-रीवा, भोपाल-पटना, रीवा-कोलकाता और जबलपुर-कोलकाता हवाई सेवाओं का शुभारंभ किया। ये सेवाएं मध्य प्रदेश नागरिक विमानन नीति-2025 के तहत वित्त पोषित हैं।

भोपाल से चार शहरों की राह आसान
नई सीधी उड़ानों से विंध्य और महाकौशल क्षेत्र को राजधानी भोपाल तथा पूर्वी भारत के प्रमुख व्यापारिक और सांस्कृतिक केंद्र कोलकाता से हवाई संपर्क के जरिये जोड़ने में कामयाबी मिली है। इससे उद्योग, व्यापार, एमएसएमई, पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी लाभ मिलने की उम्मीद है। भोपाल-पटना सेवा से मध्य प्रदेश और बिहार के बीच आवागमन भी आसान होगा। नई सेवाओं का सबसे बड़ा फायदा यात्रा समय में कमी के रूप में सामने आएगा। भोपाल-पटना और रीवा-कोलकाता की यात्रा, जिसमें ट्रेन से करीब 22 घंटे लगते हैं वह अब लगभग 2 घंटे में पूरी होगी। वहीं जबलपुर-कोलकाता की यात्रा भी 22 घंटे से घटकर करीब 2.5 घंटे रह जाएगी। भोपाल-रीवा के लिए ट्रेन से लगने वाला 10 घंटे का समय घटकर हवाई मार्ग से करीब 1.5 घंटे हो जाएगा।

नई उड़ानों से विकास को मिलेगी रफ्तार
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, ‘पिछले कुछ समय में मध्य प्रदेश से 8 नए मार्गों पर उड़ान सेवाएं आरंभ हुई हैं। इनमें इंदौर-अबूधाबी के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ान भी शामिल है।’ उन्होंने कहा कि नई सेवाओं की बदौलत यात्रियों के धन और समय दोनों की बचत होगी। वहीं केंद्रीय विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने मध्य प्रदेश में एयर एंबुलेंस सेवा, पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु हेलीकॉप्टर सेवाओं और गत दो सालों में शुरू की गई अनेक नई पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश आकांक्षी सोच और तेज गति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई हवाई सेवाओं के आरंभ होने से देश में पर्यटन, निवेश, रोजगार, व्यापारिक गतिविधियों और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।